
बाल दिवस पर पढ़ाई के साथ बच्चों ने की मस्ती
लालगंज, प्रतापगढ़।कई स्कूलों में बाल दिवस मनाया गया। इस दौरान बच्चों ने पढ़ाई के साथ मस्ती भी की। स्कूल में बच्चों को शिक्षिकाओं ने उपहार दिए। उनके साथ गेम खेले। बच्चों ने गीत, चुटकुले, कहानियां आदि सुनाए। निर्मला बृजेन्द्र शिक्षण संस्थान शुकुलपुर में भी बाल दिवस मनाया गया। प्रबंधक अजय कुमार शुक्ल ने बच्चों को पंडित जवाहर लाल नेहरू के बारे में बताया। जानकारी दी कि जवाहर लाल नेहरू देश के पहले प्रधानमंत्री थे। वह बच्चों से बेहद प्यार करते थे, इसलिए उनके जन्मदिन को हम बाल दिवस के रूप में मनाते हैं। इस दौरान बच्चों के मनोरंजन के लिए कई कार्यक्रम आयोजित किए गए। उन्हें खेल खिलाए गए। नृत्य, गीत आदि के जरिए बच्चों ने अपनी प्रतिभा भी दिखाई और वहीं दूसरी ओर प्राथमिक विद्यालय प्रतापपुर की प्रधानाध्यापिका अर्चना मिश्र ने बताया कि बच्चे ही आगे चलकर भविष्य का निर्माण करते हैं। वहीं ग्राम पंचायत अधिकारी आशीष मौर्य ने प्राथमिक विद्यालय में कड़ी मेहनत के साथ अतिरिक्त कक्ष को दिन-रात एक करके मरम्मती करण करवा डाला। इस दौरान निर्मला बृजेन्द्र शिक्षण संस्थान के प्रधानाचार्य अनुज शुक्ल और प्राथमिक विद्यालय के दुर्गेश पांडेय, नेहा सरोज व छात्र- छात्राएं उपस्थित रहे।