02 अक्टूबर 2022 को गांधी एवं शास्त्री जयन्ती समारोह पूरे जनपद में परम्परागत ढंग से मनाया गया

सीतापुर 02 अक्टूबर 2022 को गांधी एवं शास्त्री जयन्ती समारोह पूरे जनपद में परम्परागत ढंग से मनाया गया। गांधी जी के जीवन-मूल्यों व आदर्शों पर आधारित धर्म, जाति रंग आदि भेदभावों को मिटाकर निर्बल वर्ग के कल्याण संबंधी अन्त्योदय की उनकी अवधारणा, भावनात्मक एकता तथा प्रगति के मार्ग पर अबाध गति से अग्रसर होने का सभी ने संकल्प लिया।

जिलाधिकारी अनुज सिंह ने गांधी जी व लाल बहादुर शास्त्री जी के चित्रों का अनावरण एवं माल्यार्पण किया। इसके उपरान्त अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व राम भरत तिवारी, अपर जिलाधिकारी न्यायिक हरिशंकर लाल शुक्ला आदि अधिकारियों व कर्मचारियों ने गांधी जी व लाल बहादुर जी के चित्रों पर माल्यार्पण व पुष्पार्चन किया। श्री विपिन चन्द्र वर्मा ‘‘श्याम जी‘‘ एवं उनकी टीम द्वारा कलेक्ट्रेट में रामधुन भजनों प्रस्तुतीकरण भी किया गया।

इस अवसर पर जिलाधिकारी अनुज सिंह ने भारतीय स्वतंत्रता आंदोलन में गांधी जी के संघर्षों एवं योगदान को याद करते हुये सराहना भी की। गांधी दर्शन की वर्तमान में उपादेयता एवं प्रासंगिकता के विषय में बताया। बापू का अन्त्योदय, जो अन्तिम व्यक्ति के कल्याण की बात करता है एवं सर्वोदय, जो सभी के कल्याण की कामना करता है। वर्तमान के भारत का यह एक महत्वपूर्ण सामाजिक, राजनैतिक एवं आर्थिक लक्ष्य होना चाहिये, महत्वपूर्ण तथ्य यह है कि वर्तमान समय भी हिंसा किसी न किसी रूप में आज भी समाज में व्याप्त है, जब तक यह किसी न किसी रूप में प्रकट होती रहेगी, गांधी जी की अंहिसा का विचार न केवल भारत बल्कि विश्व के लिये प्रासंगिक बना रहेगा। इस दौरान जिलाधिकारी ने आत्मनिर्भरता के गांधीवादी दर्शन को स्पष्ट करते हुये कहा कि वर्तमान समय में यह आवश्यक है कि हमारें गांव स्वावलम्बी बनें। लघु एवं कुटीर उद्योग, बुनाई, कताई, शिक्षा के साथ ही विकास के आधुनिक पैमानों को अपनाते हुये स्मार्ट गांव की ओर बढ़ें।

जिलाधिकारी अनुज सिंह ने सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करते हुये अपने-अपने कार्यों को पूरी ईमानदारी के साथ करने हेतु प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि हम सभी की कार्यप्रणाली ऐसी होनी चाहिये कि ज्यादा से ज्यादा लोगों का कल्याण हो सके, उनकी समस्याओं का निस्तारण किया जा सके एवं जरूरतमंद, असहाय लोगों को न्याय मिल सके। उन्होंने सभी से स्वदेशी चीजों का प्रयोग करने हेतु प्रेरित किया। कलेक्ट्रेट परिसर में विभिन्न अधिकारियों के साथ झाड़ू लगाकर सफाई भी की एवं सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को प्रेरित किया कि वह अपने-अपने कार्यालयों की साफ-सफाई रखें, जिस कार्यालय की सफाई सबसे अच्छी पायी जायेगी उसको पुरूस्कृत भी किया जायेगा।

अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व राम भरत तिवारी ने सभी को शुभकामनाएं एवं धन्यवाद देते हुये सभी को प्रेरित किया कि गांधी जी एवं शास्त्री जी के आदर्शों को जीवन में आत्मसाथ कर पूर्ण मनोयोग से अपने दायित्वों का निर्वहन करें।

इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी राम भरत तिवारी, अपर जिलाधिकारी न्यायिक हरिशंकर लाल शुक्ला, नगर मजिस्ट्रेट अमृता सिंह सहित कलेक्ट्रेट के अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

नमस्कार,नैमिष टुडे न्यूज़पेपर में आपका स्वागत है,यहाँ आपको हमेसा ताजा खबरों से रूबरू कराया जाएगा , खबर ओर विज्ञापन के लिए संपर्क करे 9415969423 ,हमारे यूट्यूब चैनल को सबस्क्राइब करें, साथ मे हमारे फेसबुक को लाइक जरूर करें
%d bloggers like this: