
खास खबर: असदुद्दीन ओवैसी ने शनिवार को एक बार फिर नुपुर शर्मा की गिरफ्तारी की मांग की। उन्होंने कहा कि भाजपा की निलंबित प्रवक्ता नुपुर शर्मा को पैगंबर मोहम्मद के बारे में उनकी विवादास्पद टिप्पणी के लिए गिरफ्तार किया जाना चाहिए।उन्होंने भाजपा पर आरोप लगाया कि एक टीवी बहस के दौरान शर्मा की टिप्पणियों के बाद भाजपा ने उनके खिलाफ समय पर कार्रवाई नहीं की, जिससे एक बड़ा विवाद पैदा हो गया। उन्होंने पूछा कि नुपुर शर्मा को गिरफ्तार क्यों नहीं किया जा रहा है। कानून के अनुसार, उन्हें गिरफ्तार किया जाना चाहिए। उन्हें इतने दिनों से गिरफ्तार नहीं किया गया है। आप उन्हें गिरफ्तार क्यों नहीं करते और उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई क्यों नहीं करते? आपको कौन रोक रहा है?एआईएमआईएम के प्रमुख ने कहा कि पार्टी के संविधान का उल्लंघन करने के लिए उन्हें निलंबित करने की भाजपा की कार्रवाई से यह मुद्दा हल नहीं हो जाता और किसी को भी भारतीय संविधान के बारे में भी सोचना चाहिए। उन्होंने कहा कि नुपुर शर्मा के खिलाफ कार्रवाई करें, उन्हें कानून के अनुसार गिरफ्तार करें। हम मांग करते हैं कि उन्हें गिरफ्तार किया जाए और कानून के अनुसार उनके खिलाफ कार्रवाई की जाए। अगर भाजपा गंभीर होती, तो वह उन्हें उसी वक्त बताती कि उनके बयान आपत्तिजनक थे, लेकिन ऐसा करने में दस दिन लग गए।