
खास खबर: कंकरखेड़ा स्थित एक फार्म हाउस में शुक्रवार को भारतीय किसान यूनियन की किसान पंचायत में पहुंचे भाकियू के राष्ट्रीय प्रवक्ता ने सरकार पर जमकर निशाना साधा।उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार उनकी हत्या कराना चाहती है। कर्नाटक में हुए हमला सोची समझी साजिश थी। इससे पहले दिल्ली में उनकी हत्या कराने की योजना थी। टिकैत परिवार किसानों के साथ है। एक जाएगा तो दूसरा आएगा। वह पीछे नहीं हटेंगे। उन्होंने कार्यकर्ताओं से उलझने की जगह एकत्रित होने की अपील की।
भारतीय किसान यूनियन के राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश टिकैत ने शुक्रवार को पंचायत में किसानों व कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि यह उलझने का समय नहीं है। सरकार तोड़फोड़ की राजनीति कर रही है। कार्यकर्ता व किसान हमला करने की स्थिति में नहीं बल्कि बचाव की मुद्रा में हैं। कहा कि सरकार उनकी हत्या कराना चाहती है और संगठन के साथ टिकैत परिवार को तोड़ना चाहती है। लेकिन, ऐसा नहीं होगा। टिकैत परिवार मजबूती से किसानों की आवाज उठाता रहेगा। बाबा महेंद्र सिंह टिकैत के बाद नरेश टिकैत किसानों की सेवा में आ गए। यदि, हमारी हत्या हो जाती है तो आगे भी टिकैत परिवार किसानों के साथ रहेगा। टिकैत परिवार पीछे नहीं हटेगा, अभी टिकैत परिवार में 17-18 लोग और हैं, जो इस संगठन को आगे बढ़ाएंगे।