
पटना: केन्द्र में नरेंद्र मोदी सरकार के 8 साल पूरे होने पर भाजपा सेवा सुशासन और गरीब कल्याण के रूप में मना रही है।भाजपा नेता पत्रकार वार्ता कर मोदी सरकार की उपलब्धियों का बखान कर रहे हैं। इसी कड़ी में पूर्व केन्द्रीय मंत्री रविशंकर प्रसाद ने कहा कि रूस और यूक्रेन की लड़ाई प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने तीन घंटे तक रुकवा दी थी ताकि यूक्रेन में रह रहे भारतीय छात्रों को सुरक्षित निकाला जा सके।
उन्होंने रूस के राष्ट्रपति ब्लादिमीर पुतिन और यूक्रेन के प्रेसिडेंट जेलेंस्की से बात की थी। युद्ध को रोकने के लिए कहा था। इस दौरान कश्मीर की चर्चा करते हुए उन्होंने कहा कि पहले लद्दाख में चीन के कारण सड़कें नहीं बनती थीं। कोई निर्माण शुरू होने पर चीन उसे रुकवा देता था। तब दिल्ली का हवाला दिया जाता था। संसद में मुद्दा उठाया तो विदेश मंत्री ने कहा कि चीन को नहीं छेड़ना है। लेकिन आज क्या हो रहा है? कश्मीर, अरुणाचल प्रदेश से लेकर हर सीमावर्ती इलाके में सड़कें बन गई हैं।