
नारद मोह प्रसंग के मंचन के साथ रामलीला का शुभारंभ
भगवान विष्णु की लीला से नारद का हुआ मोहभंग, अहंकार त्यागने का मिला संदेश
प्रतापगढ़। लक्ष्मणपुर विकासखंड के हंडौर गांव में शुक्रवार को जय मां वीणावादिनी रामलीला समिति की ओर से रामलीला का शुभारंभ नारद मोह प्रसंग के मंचन के साथ हुआ। कलाकारों ने भगवान विष्णु की लीला का जीवंत मंचन कर दर्शकों को भावविभोर कर दिया। विश्वमोहिनी के स्वयंवर में नारद मुनि के मोहभंग का प्रसंग आकर्षण का केंद्र रहा।कार्यक्रम का उद्घाटन मुख्य अतिथि ग्राम प्रधान नितेश सिंह वीरू ने आचार्य पं. गिरीश मिश्र के वैदिक मंत्रोच्चार के बीच फीता काटकर किया। इसके बाद समाजसेवी संजय शुक्ल ने भगवान भोलेनाथ की आरती उतारी।मंचन में भगवान विष्णु की भूमिका श्याम तिवारी, नारद मुनि की भूमिका पूर्व प्रधान डॉ. राम सिंह, इंद्र की भूमिका जगन्नाथ दुबे, शीलनिधि की भूमिका माताफेर सिंह राठौड़, विश्वमोहिनी की भूमिका सूरज दुबे तथा भगवान शंकर की भूमिका बाल कलाकार हर्षवर्धन दुबे ने निभाई।मुख्य अतिथि नितेश सिंह वीरू ने कहा कि रामलीला हमारी धार्मिक आस्था और सांस्कृतिक विरासत का प्रतीक है। इसके प्रसंग नई पीढ़ी को संस्कारों और मर्यादाओं से जोड़ने का काम करते हैं।इस अवसर पर अभय प्रताप सिंह मुन्ना, साहब शुक्ल, कुलदीप तिवारी, संदीप दुबे, शिवशंकर तिवारी, नीरज सिंह, कांस्टेबल मोरध्वज और संदीप कुमार सहित कई गणमान्य लोगों का स्वागत एवं सम्मान किया गया। कार्यक्रम का संचालन राजकुमार दुबे एडवोकेट ने किया। इस दौरान मनोज सिंह, अनिल सिंह एडवोकेट, डॉ. दशाराम शुक्ल, राजेश मिश्र और राकेश सिंह बीडीसी सहित अनेक लोग मौजूद रहे।