
पुरैनी पुल के पास ट्रैक्टर की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत
नैमिष टुडे संवाददाता
धीरेन्द्र कुमार वर्मा
बिसवां, सीतापुर पुरैनी पुल के पास मंगलवार को दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार 22 वर्षीय युवक की मौत हो गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा की कार्रवाई पूरी कर पोस्टमार्टम के लिए सीतापुर भेज दिया।
जानकारी के अनुसार अजमत अली पुत्र रहमत अली, निवासी भोलागंज, बाइक से बिसवां की ओर आ रहे थे। इसी दौरान पुरैनी पुल के पास सामने से आए ट्रैक्टर ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि अजमत अली गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े।
हादसा होते ही आसपास मौजूद लोग मौके पर पहुंचे और घायल युवक को तत्काल उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बिसवां पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद अजमत अली को मृत घोषित कर दिया।
हादसे के बाद ट्रैक्टर चालक मौके से फरार हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटना में शामिल ट्रैक्टर को कब्जे में ले लिया। पुलिस फरार चालक की तलाश में जुटी है।
पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय सीतापुर भेज दिया है। मामले में पुलिस द्वारा आगे की कार्रवाई की जा रही है।