
जमालपुर में दबंगों का कहर, घर में घुसकर जमकर तोड़फोड़
पीड़िता मेहरून निशा ने मानपुर थाने में दी तहरीर, आरोपियों पर घर का सामान तोड़ने और युवक का हाथ तोड़ने का आरोप
नैमिष टुडे संवाददाता
धीरेन्द्र कुमार वर्मा
बिसवां।सीतापुर। महाराजनगर क्षेत्र के जमालपुर गांव में एक महिला के घर पर दबंगों द्वारा धावा बोलकर जमकर तोड़फोड़ और मारपीट किए जाने का मामला सामने आया है। पीड़िता मेहरून निशा ने मानपुर थाने में तहरीर देकर मामले में कार्रवाई की मांग की है। पीड़िता का आरोप है कि घटना के दौरान घर में रखा बर्तन समेत अन्य सामान तोड़ दिया गया तथा घर के बाहर लगा टीन शेड भी क्षतिग्रस्त कर दिया गया।
पीड़िता मेहरून निशा के मुताबिक, विपक्षी मेराज, तालिब, आरिफ और सुराब सहित अन्य लोगों ने घर में घुसकर कथित रूप से मारपीट और तोड़फोड़ की। आरोप है कि हमलावरों ने घर में रखा सामान तहस-नहस कर दिया और टीन शेड को भी तोड़ दिया। घटना के दौरान परिवार के एक लड़के के साथ मारपीट की गई, जिससे उसके हाथ में गंभीर चोट आई और हाथ टूटने का आरोप लगाया गया है।
पीड़िता ने विपक्षियों पर जानलेवा हमला करने समेत कई गंभीर आरोप लगाए हैं। घटना के बाद पीड़ित परिवार ने मानपुर थाने पहुंचकर पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की गुहार लगाई।
पीड़िता का कहना है कि तहरीर दिए जाने के बावजूद अभी तक उसे न्याय नहीं मिल सका है। पीड़ित परिवार ने पुलिस प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कर आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई किए जाने तथा परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित किए जाने की मांग की है।
मामले में पुलिस की जांच और कार्रवाई के बाद ही घटना की पूरी स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।