
अवधेश्वरनाथ धाम पहुंचे फिल्म निर्देशक सनोज मिश्रा, किया जलाभिषेक
कुंडा/शाहपुर, प्रतापगढ़। शाहपुर स्थित प्रसिद्ध बाबा अवधेश्वरनाथ धाम में सोमवार शाम मुंबई से पहुंचे फिल्म निर्देशक सनोज मिश्रा ने परिवार के साथ बाबा भोलेनाथ का जलाभिषेक कर विधिवत पूजा-अर्चना की। इसके बाद उन्होंने मंदिर परिसर में कुछ समय ध्यान भी किया। मंदिर ट्रस्ट के पदाधिकारी जुगनू विश्वकर्मा ने उन्हें धाम की धार्मिक महत्ता और ऐतिहासिक पृष्ठभूमि की जानकारी दी।दर्शन-पूजन के बाद सनोज मिश्रा ने कहा कि कुंडा क्षेत्र में धार्मिक और ऐतिहासिक स्थलों के साथ प्राकृतिक सौंदर्य भी है, जहां फिल्मांकन की काफी संभावनाएं हैं। उन्होंने संकेत दिया कि आगामी किसी प्रोजेक्ट में बाबा अवधेश्वरनाथ धाम सहित आसपास के प्रमुख स्थलों को कहानी का हिस्सा बनाया जा सकता है। इससे क्षेत्र की पहचान देश-दुनिया तक पहुंचाने में मदद मिल सकती है।फिल्म निर्देशक सनोज मिश्रा तीन दशक से अधिक समय से मुंबई के फिल्म जगत से जुड़े हैं। वह गांधीगिरी, लफंगे नवाब, काशी टू कश्मीर, द बंगाल डायरी, राम की भूमि और गजनवी सहित विभिन्न फिल्मी प्रोजेक्ट से जुड़े रहे हैं। हाल के वर्षों में वह द डायरी ऑफ मणिपुर को लेकर भी चर्चा में रहे हैं। फिल्म में कुंभ मेले से चर्चित हुईं मोनालिसा को मुख्य भूमिका में अवसर दिए जाने को लेकर भी यह प्रोजेक्ट सुर्खियों में रहा।अवधेश्वरनाथ धाम में दर्शन के बाद सनोज मिश्रा बानेमऊ निवासी भाजपा नेता गोलू दादा के आवास पर पहुंचे। वहां उन्होंने ग्रामीणों से मुलाकात कर क्षेत्र के धार्मिक, ऐतिहासिक और प्राकृतिक स्थलों के बारे में जानकारी ली। इस दौरान कुंडा क्षेत्र में भविष्य में फिल्म की शूटिंग की संभावनाओं पर भी चर्चा हुई। फिल्म निर्देशक की ओर से क्षेत्र में फिल्मांकन के संकेत मिलने से स्थानीय लोगों में उत्सुकता देखने को मिली।