छत तीन इंच आगे बढ़ाने का विरोध पड़ा भारी, युवक और पत्नी से मारपीट

छत तीन इंच आगे बढ़ाने का विरोध पड़ा भारी, युवक और पत्नी से मारपीट

जल्लापुर साबुकपुर में तीन लोगों पर केस दर्ज, घर में घुसकर पीटने और जान से मारने की धमकी का आरोप

नैमिष टुडे ब्यूरो, अम्बेडकरनगर
जल्लापुर साबुकपुर गांव में मकान की छत आगे बढ़ाने के विरोध को लेकर मारपीट का मामला सामने आया है। हरेंद्र यादव की शिकायत पर पुलिस ने तीन लोगों के खिलाफ मारपीट, गाली-गलौज और धमकी देने के आरोप में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आरोपियों में अनुप यादव, उसकी मां कुसुम लता और बहन कंचन शामिल हैं।

पुलिस को दी गई शिकायत में हरेंद्र यादव ने बताया कि घटना 12 सितंबर 2026 को दोपहर करीब तीन बजे की है। आरोप है कि पुरानी रंजिश को लेकर तीनों उनके दरवाजे पर पहुंचे और गाली-गलौज करने लगे। विरोध करने पर लाठी-डंडे लेकर उन्हें मारने के लिए दौड़े।

हरेंद्र के मुताबिक, वह जान बचाकर घर के अंदर भागे, लेकिन आरोपी कथित तौर पर घर में घुस आए और उनके साथ मारपीट की। मारपीट में उनके हाथ में चोट आई। शोर सुनकर पत्नी रीता यादव बचाने पहुंचीं तो आरोपियों ने उन्हें भी धक्का देकर जमीन पर गिरा दिया।

छत तीन इंच आगे बढ़ाने का आरोप

शिकायतकर्ता का आरोप है कि आरोपियों ने उनके मकान की छत को जबरन करीब तीन इंच आगे बढ़ा दिया था। इसका विरोध करने पर विवाद बढ़ गया और मारपीट की घटना हुई। आरोप है कि जाते समय आरोपियों ने जान से मारने की धमकी भी दी।

थानाध्यक्ष ने बताया कि शिकायत के आधार पर तीनों आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

नमस्कार,नैमिष टुडे न्यूज़पेपर में आपका स्वागत है,यहाँ आपको हमेसा ताजा खबरों से रूबरू कराया जाएगा , खबर ओर विज्ञापन के लिए संपर्क करे 9415969423 ,हमारे यूट्यूब चैनल को सबस्क्राइब करें, साथ मे हमारे फेसबुक को लाइक जरूर करें