यूपी बोर्ड परीक्षा-2027 में अपार आईडी अनिवार्य, अम्बेडकरनगर के 461 स्कूलों में तैयारी तेज

यूपी बोर्ड परीक्षा-2027 में अपार आईडी अनिवार्य, अम्बेडकरनगर के 461 स्कूलों में तैयारी तेज

नैमिष टुडे/ ब्यूरो,/ अम्बेडकरनगर
अम्बेडकरनगर। यूपी बोर्ड परीक्षा-2027 में शामिल होने वाले विद्यार्थियों के लिए अपार आईडी अनिवार्य कर दी गई है। माध्यमिक शिक्षा परिषद की ओर से हाईस्कूल और इंटरमीडिएट के ऑनलाइन परीक्षा आवेदन पत्र में विद्यार्थियों की अपार आईडी दर्ज करना जरूरी किया गया है। इसके साथ ही कक्षा नौवीं और 11वीं के अग्रिम पंजीकरण में भी अपार आईडी का उल्लेख करना होगा।

बोर्ड के निर्देश जारी होने के बाद जिले के माध्यमिक विद्यालयों में विद्यार्थियों की अपार आईडी तैयार कराने की प्रक्रिया तेज हो गई है। जिले में कुल 461 माध्यमिक विद्यालय हैं। इनमें 32 राजकीय, 60 अशासकीय सहायता प्राप्त और 369 वित्तविहीन विद्यालय शामिल हैं। संबंधित विद्यालयों के प्रधानाचार्यों को निर्धारित प्रक्रिया के तहत विद्यार्थियों की अपार आईडी तैयार कराने का काम समय से पूरा कराने के निर्देश दिए गए हैं।

डिजिटल शैक्षणिक पहचान बनेगी अपार आईडी

अपार आईडी विद्यार्थियों की स्थायी डिजिटल शैक्षणिक पहचान के रूप में काम करेगी। इसके माध्यम से विद्यार्थियों के शैक्षणिक अभिलेख डिजिटल प्लेटफॉर्म पर सुरक्षित रखे जा सकेंगे। उच्च शिक्षण संस्थानों में प्रवेश और भविष्य में नौकरी के दौरान दस्तावेजों के सत्यापन में भी इसका उपयोग किया जा सकेगा।

इसके अलावा विद्यार्थियों के अंकपत्र और प्रमाणपत्रों को डिजीलॉकर खाते से लिंक करने की सुविधा मिलेगी। इससे प्रमाणपत्र खोने या खराब होने की स्थिति में दस्तावेज हासिल करने में होने वाली परेशानी कम होगी।

माध्यमिक विद्यालयों पर अब विशेष जोर

जिले में पिछले वर्ष कक्षा एक से 12 तक कुल 4,29,786 विद्यार्थी पंजीकृत थे। इनमें करीब 1.41 लाख विद्यार्थी परिषदीय विद्यालयों के थे। परिषदीय विद्यालयों में विद्यार्थियों की अपार आईडी तैयार कराने का काम लगभग पूरा हो चुका है। अब माध्यमिक विद्यालयों में अध्ययनरत विद्यार्थियों की अपार आईडी तैयार कराने पर विशेष जोर दिया जा रहा है।

बोर्ड के निर्देशों के अनुसार परीक्षा आवेदन और अग्रिम पंजीकरण की प्रक्रिया में अपार आईडी की अनिवार्यता को देखते हुए विद्यालय स्तर पर कार्य तेजी से पूरा कराया जा रहा है, ताकि विद्यार्थियों को आगे की प्रक्रिया में किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े।

नैमिष टुडे | अम्बेडकरनगर

नमस्कार,नैमिष टुडे न्यूज़पेपर में आपका स्वागत है,यहाँ आपको हमेसा ताजा खबरों से रूबरू कराया जाएगा , खबर ओर विज्ञापन के लिए संपर्क करे 9415969423 ,हमारे यूट्यूब चैनल को सबस्क्राइब करें, साथ मे हमारे फेसबुक को लाइक जरूर करें