
सेवा संकल्प अभियान: संत एंथोनी इंटर कॉलेज में सूचना विभाग की प्रदर्शनी का उद्घाटन
ब्यूरो चीफ /नैमिष टुडे /प्रतापगढ़
प्रतापगढ़। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन एवं सेवा काल के उपलक्ष्य में संचालित सेवा संकल्प अभियान के तहत संत एंथोनी इंटर कॉलेज में सूचना विभाग द्वारा शासकीय योजनाओं, विकास परियोजनाओं एवं उपलब्धियों पर आधारित प्रदर्शनी लगाई गई। इसका उद्घाटन मुख्य विकास अधिकारी डा. राममोहन मीना ने फीता काटकर किया।
प्रदर्शनी का विधायक सदर राजेंद्र कुमार मौर्य, भाजपा जिलाध्यक्ष आशीष श्रीवास्तव, जिला विद्यालय निरीक्षक ओमकार राणा, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी देवव्रत सिंह सहित जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, छात्र-छात्राओं, शिक्षकों एवं आम नागरिकों ने अवलोकन किया।
प्रदर्शनी में केंद्र एवं प्रदेश सरकार की रोजगार, आवास, किसान कल्याण, महिला सशक्तिकरण, स्वास्थ्य, कृषि, कौशल विकास, स्वरोजगार, एमएसएमई, पर्यटन एवं सांस्कृतिक विरासत से जुड़ी योजनाओं और उपलब्धियों की जानकारी दी गई। साथ ही एयरपोर्ट विस्तार, पांच अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डों का विकास, युवाओं के लिए रोजगार एवं सरकारी नौकरियों के अवसर, कानून-व्यवस्था में सुधार और अपराध नियंत्रण को भी प्रदर्शित किया गया।
प्रधानमंत्री आवास योजना, मुख्यमंत्री आवास योजना, प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना और प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि से संबंधित उपलब्धियों के साथ कृषि क्षेत्र में ड्रोन तकनीक, प्रधानमंत्री कुसुम योजना के सोलर पंप, कृषि यंत्रों पर अनुदान, मंडियों का आधुनिकीकरण एवं ई-नाम की जानकारी दी गई।
महिला सशक्तिकरण से संबंधित प्रदर्शनी में वन स्टॉप सेंटर, निराश्रित महिला पेंशन, मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना तथा महिलाओं एवं बेटियों के कल्याण की योजनाओं को प्रमुखता से दर्शाया गया। प्रदर्शनी का उद्देश्य आमजन को सरकारी योजनाओं की जानकारी देकर पात्र लोगों को उनका लाभ लेने के लिए जागरूक करना है।