अटरिया पशु अस्पताल तक पहुंचना मुश्किल, बारिश में रास्ता बना मुसीबत

अटरिया पशु अस्पताल तक पहुंचना मुश्किल, बारिश में रास्ता बना मुसीबत

बीमार पशुओं को इलाज के लिए लाने में पशुपालकों की बढ़ी परेशानी, कई बार अधिकारियों को भेजे जा चुके पत्र

अटरिया/सीतापुर। अटरिया कस्बे स्थित राजकीय पशु चिकित्सालय तक पहुंचने वाला रास्ता इन दिनों पशुपालकों के लिए बड़ी परेशानी बना हुआ है। बारिश के बाद रास्ते पर कीचड़, गड्ढे और जलभराव होने से अस्पताल तक पहुंचना मुश्किल हो गया है। सबसे अधिक दिक्कत उन पशुपालकों को हो रही है, जिन्हें बीमार पशुओं को इलाज के लिए अस्पताल लाना पड़ता है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि सामान्य दिनों में भी अस्पताल तक पहुंचने वाला रास्ता बदहाल रहता है। बारिश होने के बाद स्थिति और खराब हो जाती है। रास्ते पर जगह-जगह पानी भरने और कीचड़ होने से दोपहिया व चारपहिया वाहनों के निकलने में परेशानी होती है। कई बार पशुपालकों को बीमार पशुओं को काफी दूरी तक पैदल लेकर जाना पड़ता है।

पशुपालकों का कहना है कि पशुओं के बीमार होने पर समय पर उपचार बेहद जरूरी होता है। रास्ता खराब होने के कारण अस्पताल पहुंचने में देरी होती है। ऐसे में पशु की हालत गंभीर होने का खतरा बना रहता है। ग्रामीणों ने संबंधित विभाग से अस्पताल तक पहुंचने वाले मार्ग को दुरुस्त कराने और जलभराव की समस्या का स्थायी समाधान कराने की मांग की है।

राजकीय पशु चिकित्सालय अटरिया चिकित्सा अधिकारी डॉ. जावेद अहमद के मुताबिक अस्पताल तक पहुंचने के लिए उचित मार्ग की समस्या लंबे समय से बनी हुई है। इस संबंध में जिलाधिकारी समेत संबंधित अधिकारियों को कई बार पत्र भेजकर समस्या से अवगत कराया जा चुका है।

सवाल यह है कि जब पशु चिकित्सालय में प्रतिदिन ग्रामीण अपने बीमार पशुओं का इलाज कराने पहुंचते हैं, तो अस्पताल तक पहुंचने वाले रास्ते की बदहाली दूर कराने के लिए जिम्मेदार विभाग अब तक ठोस कदम क्यों नहीं उठा सका? ग्रामीणों को उम्मीद है कि प्रशासन बारिश के बाद मार्ग की स्थिति का निरीक्षण कर जल्द सुधार कार्य कराएगा।

नमस्कार,नैमिष टुडे न्यूज़पेपर में आपका स्वागत है,यहाँ आपको हमेसा ताजा खबरों से रूबरू कराया जाएगा , खबर ओर विज्ञापन के लिए संपर्क करे 9415969423 ,हमारे यूट्यूब चैनल को सबस्क्राइब करें, साथ मे हमारे फेसबुक को लाइक जरूर करें