
भागवत महाकुंभ की तैयारियों का जिलाधिकारी व एसपी ने लिया जायजा
27 सितम्बर से 5 अक्टूबर तक कालीपीठ में होगा दिव्य धार्मिक आयोजन, देश-विदेश से पहुंचेंगे करीब 5 हजार श्रद्धालु ।
मिश्रित, सीतापुर। नैमिषारण्य धाम स्थित कालीपीठ में आगामी 27 सितम्बर से 5 अक्टूबर 2026 तक आयोजित होने वाले दिव्य भागवत महाकुंभ की तैयारियों को लेकर शुक्रवार को जिलाधिकारी राजा गणपति आर. एवं पुलिस अधीक्षक अंकुर अग्रवाल ने नैमिष धाम पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उपजिलाधिकारी, क्षेत्राधिकारी पुलिस सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी भी मौजूद रहे।
भागवत महाकुंभ में देश-विदेश से करीब 5,000 श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए प्रशासन ने आयोजन स्थल की व्यवस्थाओं का स्थलीय निरीक्षण किया। अधिकारियों ने श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा, आवागमन, पार्किंग, भीड़ नियंत्रण तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं के संबंध में जानकारी ली।
जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने आयोजन स्थल का निरीक्षण करते हुए संबंधित अधिकारियों को श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न होने देने के निर्देश दिए। साथ ही धार्मिक आयोजन के दौरान यातायात व्यवस्था एवं सुरक्षा व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए आवश्यक तैयारियां समय से पूरी करने पर जोर दिया ।अधिकारियों ने आयोजन से जुड़े जिम्मेदार लोगों से भी व्यवस्थाओं की जानकारी ली तथा आयोजन के दौरान आने वाली संभावित समस्याओं को लेकर आवश्यक बिंदुओं पर चर्चा की। प्रशासन द्वारा इतने बड़े धार्मिक समागम को देखते हुए सुरक्षा एवं सुविधाओं को लेकर विशेष सतर्कता बरती जा रही है।नैमिषारण्य जैसे प्रमुख धार्मिक एवं पौराणिक तीर्थ में होने वाले इस आयोजन में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना के चलते प्रशासनिक स्तर पर तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है ।