
रायगढ़ में लंबी कूद प्रतियोगिता, सचिन ने जीती रेंजर साइकिल
कुंडा/प्रतापगढ़। जनसत्ता दल लोकतांत्रिक की ओर से शुक्रवार को रायगढ़ अहलादगंज में लंबी कूद प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में जिलेभर से पहुंचे तीन दर्जन से अधिक प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। युवाओं ने अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन करते हुए शानदार छलांग लगाई।प्रतियोगिता में रानीगंज तहसील क्षेत्र के सचिन ने 24 फुट 3 इंच की लंबी कूद लगाकर प्रथम स्थान हासिल किया। उन्हें प्रथम पुरस्कार के रूप में रेंजर साइकिल प्रदान की गई। कोहंडौर क्षेत्र के हिमांशु ने 23 फुट 7 इंच की छलांग लगाकर दूसरा स्थान प्राप्त किया। उन्हें पुरस्कार स्वरूप पंखा दिया गया।वहीं प्रयागराज जनपद के दहियावां निवासी दीपक सरोज ने 22 फुट 11 इंच की छलांग लगाकर तीसरा स्थान हासिल किया। उन्हें भी सीलिंग फैन प्रदान किया गया। इसके अलावा भारतीय सेना के जांबाज जवान शहजादे की ओर से भी प्रतियोगिता के लिए ₹1000 का पुरस्कार दिया गया।कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में रायगढ़ के पूर्व प्रधान कुंवर मुन्नू सिंह पहुंचे। उनके पहुंचने पर समर्थकों और मौजूद लोगों ने जोरदार स्वागत किया। कुंवर मुन्नू सिंह ने कहा कि इस तरह की खेल प्रतियोगिताओं से बच्चों और युवाओं में खेल भावना, अनुशासन और आत्मविश्वास का विकास होता है। युवाओं को पढ़ाई के साथ खेलों में भी आगे बढ़ने का अवसर मिलना चाहिए।इस मौके पर अध्यक्ष शाह मोहम्मद, मुख्तार अहमद, अतीक अहमद चांद, पूर्व प्रधान अन्नू सिंह, पत्रकार रूपेंद्र शुक्ला, अनुराग ओझा, मोहम्मद नईम, सद्दाम मोहम्मद नईम समेत सैकड़ों लोग मौजूद रहे।