
मंत्री राकेश राठौर के आरोपों पर विकास हिंदू की प्रेस कॉन्फ्रेंस, जांच कमेटी गठित करने की मांग
अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं की हिरासत को लेकर बढ़ा विवाद
नैमिष टुडे संवाददाता
सीतापुर। अतिक्रमण विरोधी अभियान और उसके बाद भाजपा कार्यकर्ताओं की हिरासत को लेकर सीतापुर में विवाद गहरा गया है। विकास हिंदू ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर राज्य मंत्री राकेश राठौर द्वारा लगाए गए आरोपों पर आपत्ति जताते हुए मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है।
विकास हिंदू का कहना है कि सार्वजनिक रूप से किसी व्यक्ति के लिए आपत्तिजनक और अमर्यादित शब्दों का इस्तेमाल करना उचित नहीं है। उन्होंने कहा कि एक जिम्मेदार संवैधानिक पद पर बैठे व्यक्ति से इस प्रकार की भाषा की उम्मीद नहीं की जाती।
उन्होंने मांग की कि उनकी तथा राज्य मंत्री राकेश राठौर गुट दोनों की संपत्तियों की निष्पक्ष जांच के लिए स्वतंत्र कमेटी का गठन किया जाए। उनका कहना है कि इससे दूध का दूध और पानी का पानी हो जाएगा तथा जनता के सामने वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
बताया गया कि गुरुवार देर रात रूपा महल क्षेत्र में प्रशासनिक अमले और नगर पालिका की टीम द्वारा अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की जा रही थी। इसी दौरान एक मंदिर के सामने बने चबूतरे को हटाए जाने को लेकर स्थानीय भाजपा कार्यकर्ता पिता-पुत्र ने विरोध किया। अधिकारियों से तीखी बहस के बाद पुलिस ने दोनों को हिरासत में ले लिया।
कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिए जाने की जानकारी मिलने पर राज्य मंत्री राकेश राठौर अपने समर्थकों के साथ कोतवाली पहुंचे, जहां काफी हंगामा हुआ। अधिकारियों से बातचीत के दौरान मंत्री भावुक भी नजर आए। उन्होंने आरोप लगाया कि माफियाओं को वीआईपी ट्रीटमेंट दिया जा रहा है, जबकि उनके कार्यकर्ताओं को सलाखों के पीछे भेजा जा रहा है।
वहीं, विकास हिंदू ने मामले की निष्पक्ष जांच की मांग करते हुए कहा कि किसी भी व्यक्ति पर आरोप लगाने के बजाय पूरे प्रकरण की जांच तथ्यों के आधार पर होनी चाहिए। उन्होंने स्वतंत्र जांच कमेटी गठित कर संपत्तियों और पूरे घटनाक्रम की निष्पक्ष जांच कराने की मांग उठाई है।