
साइबर सेल की बड़ी कार्रवाई, 27 पीड़ितों के लौटाए करीब 7 लाख रुपये
प्रतापगढ़। साइबर ठगी के शिकार लोगों को राहत दिलाते हुए जनपदीय साइबर सेल एवं साइबर क्राइम थाना प्रतापगढ़ की टीम ने 27 शिकायतों में कुल 6,96,939.66 रुपये की धनराशि पीड़ितों के खातों में वापस कराई है।पुलिस अधीक्षक प्रतापगढ़ के निर्देशन तथा साइबर अधिकारियों के पर्यवेक्षण में एनसीआरपी पोर्टल एवं प्राप्त शिकायतों की जांच के बाद साइबर सेल टीम ने संबंधित बैंकों एवं माध्यमों से समन्वय कर ठगी की रकम वापस कराने में सफलता हासिल की। पुलिस के अनुसार पीड़ितों से यूपीआई, इंटरनेट बैंकिंग, क्रेडिट कार्ड फ्रॉड सहित अन्य तरीकों से धोखाधड़ी की गई थी।धनराशि वापस मिलने पर पीड़ितों ने जनपदीय उच्चाधिकारियों, साइबर सेल एवं साइबर क्राइम थाना टीम के प्रति आभार जताया।
साइबर ठगी से बचने की अपील
प्रतापगढ़ पुलिस ने लोगों से अनजान लिंक, क्यूआर कोड और APK फाइल पर क्लिक न करने तथा OTP, UPI PIN, ATM PIN, CVV और नेट बैंकिंग पासवर्ड किसी से साझा न करने की अपील की है। KYC अपडेट, बैंक खाता बंद होने, सिम बंद होने, बिजली बिल या डिजिटल अरेस्ट के नाम पर भेजे गए संदेशों से सावधान रहने को कहा गया है।पुलिस ने यह भी अपील की है कि ऑनलाइन नौकरी, पार्ट टाइम काम, खरीदारी में असामान्य छूट या किसी भी तरह के लालच में बिना सत्यापन के पैसे न भेजें। साइबर ठगी होने पर तत्काल 1930 पर सूचना दें और साइबर अपराध की शिकायत दर्ज कराएं।