
कच्चा घर गिरने के बाद पन्नी के नीचे गुजर-बसर को मजबूर परिवार
कुंडा/प्रतापगढ़।बाबागंज ब्लाक के माघी चैनगढ़ ग्राम सभा में लगातार हो रही बारिश के बीच भटपुरवा निवासी राज कुमार शर्मा का कच्चा मकान गिर गया। मकान गिरने के बाद परिवार के सामने रहने का संकट खड़ा हो गया है। परिवार के पांच सदस्य इस समय पन्नी डालकर किसी तरह गुजर-बसर कर रहे हैं। बारिश के मौसम में पन्नी के नीचे रहने से परिवार को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।पीड़ित परिवार ने प्रशासन एवं संबंधित अधिकारियों से मौके का निरीक्षण कर आवासीय सहायता उपलब्ध कराने की गुहार लगाई है। ग्रामीणों ने भी जरूरतमंद परिवार को जल्द से जल्द सरकारी आवास अथवा अन्य सहायता दिलाए जाने की मांग की है।