
घर में भरा पानी, गर्भवती पत्नी और बेटी के साथ मुसीबत में परिवार
आने-जाने का रास्ता बंद, गृहस्थी का सामान पानी में भीगा, टिन के सहारे गुजर-बसर, सांपों का भी खतरा
कुंडा/प्रतापगढ़। विधानसभा बाबागंज क्षेत्र के गोपालापुर झिंगुर गांव निवासी विपिन गौतम पुत्र पुरई राम का परिवार लगातार बारिश के चलते गंभीर संकट में है। गरीब परिवार पहले से ही टिन डालकर किसी तरह गुजर-बसर कर रहा है, ऊपर से पिछले दो दिनों से घर में पानी भरा होने के कारण मुश्किलें और बढ़ गई हैं।घर चारों ओर से पानी से घिरा हुआ है और बाहर आने-जाने का रास्ता भी बंद हो गया है। जलभराव के कारण गृहस्थी का अधिकांश सामान पानी में भीग गया है। परिवार में विपिन गौतम की गर्भवती पत्नी और एक बेटी है, जिससे परिवार की चिंता और बढ़ गई है।पीड़ित परिवार के मुताबिक, घर में पानी भरने के कारण जहरीले जीव-जंतुओं, खासकर सांपों का खतरा बना हुआ है। परिवार का कहना है कि पहले भी सांप उनकी बेटी पर हमला करने की कोशिश कर चुका है। ऐसे में गर्भवती महिला और बच्ची की सुरक्षा को लेकर परिवार बेहद डरा हुआ है।पीड़ित का आरोप है कि ग्राम प्रधान की ओर से अब तक कोई सहायता नहीं मिल सकी है। परिवार ने प्रशासन और जनप्रतिनिधियों से तत्काल मौके पर पहुंचकर जलनिकासी और सुरक्षित आवागमन की व्यवस्था कराने की मांग की है।विपिन गौतम ने कहा कि यदि तत्काल आर्थिक सहायता संभव नहीं है तो कम से कम घर से बाहर निकलने के लिए सुरक्षित रास्ते की व्यवस्था करा दी जाए। साथ ही पानी की स्थिति सामान्य होने तक परिवार को किसी सुरक्षित स्थान पर ठहराने की व्यवस्था की जाए, ताकि गर्भवती पत्नी और बेटी को किसी अनहोनी का सामना न करना पड़े।टिन के सहारे जीवन गुजार रहा यह गरीब परिवार अब बारिश और जलभराव के बीच प्रशासन की मदद का इंतजार कर रहा है। पीड़ित परिवार ने जिम्मेदार अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों से तत्काल सहायता की गुहार लगाई है।