
टुल्लू पंप चोरी का खुलासा, नगर पंचायत हीरागंज के सभासद के बेटे समेत दो गिरफ्तार
खिड़की तोड़कर ट्यूबवेल के कमरे में घुसे थे आरोपी, चोरी का पंप बरामद
कुंडा/प्रतापगढ़। महेशगंज पुलिस ने नगर पंचायत हीरागंज क्षेत्र में ट्यूबवेल के कमरे की खिड़की तोड़कर टुल्लू पंप चोरी करने की घटना का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को चोरी के सामान सहित गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान परान का पुरवा निवासी विष्णु सरोज (20) और अमन सरोज (22) पुत्र हीरालाल सरोज के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, हीरालाल सरोज नगर पंचायत हीरागंज के संबंधित वार्ड के सभासद हैं।
पुलिस के मुताबिक, 29 अगस्त की रात परान का पुरवा निवासी वीरेंद्र प्रताप सिंह के ट्यूबवेल के कमरे का ताला तोड़ने का प्रयास किया गया। ताला नहीं टूटने पर आरोपियों ने खिड़की तोड़कर कमरे में प्रवेश किया और वहां लगी दो हॉर्सपावर की किर्लोस्कर कंपनी की मोटर/टुल्लू पंप चोरी कर ले गए।
घटना के संबंध में एक सितंबर को महेशगंज थाने में मुकदमा दर्ज किया गया था। पुलिस ने मामले की जांच करते हुए आरोपियों की तलाश शुरू की।
बुधवार को मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने पूरे किशुनी-बाघराय नहर मार्ग के पास से दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। उनके कब्जे से चोरी किया गया टुल्लू पंप बरामद हुआ।
पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपियों ने पंप चोरी कर उसे बेचने के लिए ले जाने की बात स्वीकार की है। बरामदगी के आधार पर मुकदमे में संबंधित धारा की बढ़ोतरी की गई है।