
तेज रफ्तार बाइक ने महिला व बच्चे को मारी टक्कर, FIR दर्ज
बहोरीकपुर नहर के पास हुआ हादसा, महिला के दोनों पैरों में आई गंभीर चोट; महेशगंज पुलिस ने शुरू की जांच
कुंडा/प्रतापगढ़। थाना महेशगंज क्षेत्र के बहोरीकपुर नहर के पास तेज रफ्तार और लापरवाही से बाइक चला रहे चालक ने सामने से आ रही मोटरसाइकिल में टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार महिला और उसका पुत्र घायल हो गए। पीड़ित की तहरीर पर महेशगंज पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
नायर नगर, देवी धाम, नगर पंचायत हीरागंज निवासी मनोज मिश्रा पुत्र स्व. नामदेव मिश्रा ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि 12 अगस्त 2026 की सुबह करीब आठ बजे उनकी पत्नी मिथिलेश मिश्रा और पुत्र शिवम मिश्रा मोटरसाइकिल से सरकारी अस्पताल महेशगंज जा रहे थे।
इसी दौरान बहोरीकपुर नहर के पास सामने से आ रही बाइक संख्या UP72C7396 के चालक विनीत पाण्डेय पुत्र अवधेश पाण्डेय निवासी बिहार रोड, हीरागंज ने तेज गति और लापरवाही से वाहन चलाते हुए उनकी मोटरसाइकिल में टक्कर मार दी।
हादसे में मिथिलेश मिश्रा के दोनों पैरों में गंभीर चोटें आईं,ओंकार हॉस्पिटल में चल रहा है इलाज, जबकि उनके पुत्र शिवम मिश्रा को भी चोटें लगीं। परिजनों ने घायलों का उपचार कराया। इसके बाद 27 अगस्त 2026 को पुलिस को तहरीर दी गई।
महेशगंज पुलिस ने तहरीर के आधार पर संबंधित धाराओं में अभियोग दर्ज कर लिया है। मामले की विवेचना उपनिरीक्षक संतोष कुमार पासवान को सौंपी गई है। थानाध्यक्ष संदीप कुमार तिवारी ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।