
जन्माष्टमी को लेकर कुंडा में मेगा प्लान, विदासिन से मनगढ़ तक रहेगा नो-व्हीकल जोन
4 सितंबर को भारी वाहनों पर रहेगी रोक, पैदल श्रद्धालुओं को ही मिलेगी अनुमति; सुरक्षा में तैनात होंगे 1000 से अधिक पुलिसकर्मी
कुंडा/प्रतापगढ़। जन्माष्टमी पर्व पर मनगढ़ धाम में उमड़ने वाली श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए पुलिस-प्रशासन ने सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर व्यापक प्लान तैयार किया है। 4 सितंबर को विदासिन चौराहे से मनगढ़ चौराहे तक का मार्ग नो-व्हीकल जोन रहेगा। इस मार्ग पर केवल पैदल दर्शनार्थियों को आवागमन की अनुमति होगी।
आवश्यक सेवाओं के तहत एम्बुलेंस, अग्निशमन वाहन और पुलिस वाहनों को ही आवागमन की अनुमति दी जाएगी। कुंडा की ओर से आने वाले वाहनों को विदासिन चौराहे पर, जबकि खनवारी की ओर से आने वाले वाहनों को मीरापुर चौराहे पर रोकने की व्यवस्था की जा रही है।
*1000 से अधिक पुलिसकर्मियों की रहेगी तैनाती*
जन्माष्टमी पर्व के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत रखने के लिए विभिन्न स्थानों पर 1000 से अधिक पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाई जाएगी। भीड़ नियंत्रण, यातायात संचालन और आपात स्थिति से निपटने के लिए पुलिस टीमों को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।
व्यवस्थाओं की तैयारियों को परखने के लिए थाना प्रभारी कुंडा अरविंद सिंह, इंस्पेक्टर क्राइम संजय सिंह और थाना प्रभारी संग्रामगढ़ अवन कुमार दीक्षित ने पुलिस टीम के साथ मॉक ड्रिल की। इस दौरान भीड़ और यातायात नियंत्रण सहित सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया गया।
थाना प्रभारी कुंडा ने श्रद्धालुओं से पुलिस-प्रशासन की व्यवस्था में सहयोग करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि श्रद्धालु निर्धारित मार्ग और यातायात नियमों का पालन करें। अनुशासनहीनता करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।