
रायगढ़ में लंबी कूद प्रतियोगिता का भव्य आयोजन, राजू रहे प्रथम
कुंडा/प्रतापगढ़। ग्राम सभा रायगढ़ में खेल प्रतिभाओं और युवाओं को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से सोमवार को लंबी कूद प्रतियोगिता का भव्य आयोजन किया गया। ग्राम प्रधान सरिता यादव के नेतृत्व में आयोजित प्रतियोगिता में क्षेत्र के युवाओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया।प्रतियोगिता में खिलाड़ियों के बीच कांटे की टक्कर देखने को मिली। मानधाता के राजू ने 21 फीट 4 इंच की छलांग लगाकर प्रथम स्थान हासिल किया। अंकित शर्मा ने 20 फीट 3 इंच की छलांग के साथ द्वितीय स्थान प्राप्त किया, जबकि घोसियाना के अफजल ने 20 फीट 2 इंच की छलांग लगाकर तृतीय स्थान हासिल किया।प्रतियोगिता के विजेताओं को आकर्षक पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले राजू को साइकिल, द्वितीय स्थान पर रहे अंकित शर्मा को सीलिंग पंखा तथा तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले अफजल को इलेक्ट्रिक प्रेस प्रदान कर सम्मानित किया गया।आयोजकों एवं उपस्थित अतिथियों ने विजेता खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि इस तरह के आयोजन ग्रामीण क्षेत्र की खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का अवसर प्रदान करते हैं। प्रतियोगिता में बड़ी संख्या में ग्रामीण और खेलप्रेमी मौजूद रहे।