
वायरल वीडियो प्रकरण में युवक का पलटवार, दर्ज कराया मुकदमा
चप्पल से पिटाई का वीडियो वायरल होने के बाद नया मोड़, युवक ने साजिश और बदनाम करने का लगाया आरोप
कुंडा/प्रतापगढ़। मानिकपुर थाना क्षेत्र के मिरिया गांव में युवती द्वारा युवक की चप्पल से पिटाई का वीडियो वायरल होने के बाद मामला नया मोड़ ले लिया है। युवती पक्ष की तहरीर पर रोहित मौर्य के खिलाफ मुकदमा दर्ज होने के बाद अब रोहित की तहरीर पर भी मोहम्मद हनीफ, मोहम्मद यूनुस, मरियम समेत अन्य लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस दोनों पक्षों के आरोपों की जांच कर रही है।मामला 10 अगस्त की घटना से जुड़ा बताया जा रहा है। पुलिस के अनुसार, युवती द्वारा रोहित मौर्य की चप्पल से पिटाई किए जाने का वीडियो उसके भाई ने मोबाइल फोन से बनाया था। 12 अगस्त को वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला चर्चा में आया। वायरल वीडियो के आधार पर पुलिस ने युवती पक्ष की तहरीर पर रोहित मौर्य के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया था।अब मिरिया कुटी निवासी रोहित कुमार मौर्य ने पुलिस अधीक्षक और थाना मानिकपुर में शिकायती पत्र देकर घटना को साजिश बताते हुए अपना पक्ष रखा है। रोहित का आरोप है कि उसके खेत के पास मोहम्मद हनीफ उर्फ बंटू की पटाखा फैक्ट्री संचालित होती है। वह रोज उसी रास्ते से खेत पर आता-जाता है और पहले भी फैक्ट्री पर मौजूद लोगों से उसका विवाद हो चुका है।रोहित का आरोप है कि उसे सुनियोजित तरीके से बुलाया गया और विपक्षी पक्ष ने अपनी बेटी को आगे कर उसके खिलाफ आरोप लगाए। शिकायत में मोहम्मद हनीफ पुत्र मोहम्मद शरीफ, मोहम्मद यूनुस पुत्र मोहम्मद शरीफ, मरियम पुत्री मोहम्मद हनीफ समेत अन्य लोगों पर उसे घेरकर मारपीट करने और बाद में युवती से चप्पल से पिटवाने का आरोप लगाया गया है।युवक का दावा है कि घटना का केवल एक हिस्सा ही वीडियो के रूप में वायरल किया गया, जबकि इससे पहले उसके साथ हुई कथित मारपीट का वीडियो सामने नहीं लाया गया। उसने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर कार्रवाई की मांग की है।थाना प्रभारी मानिकपुर पंकज राय ने बताया कि दोनों पक्षों की तहरीरों के आधार पर मुकदमे दर्ज किए गए हैं। मामले की निष्पक्ष विवेचना की जा रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।