
सियार के हमले से मचा कोहराम, पिता-पुत्र की मौत से गांव में मातम
नैमिष टुडे संवाददाता
गोंदलामऊ सीतापुर
संदना (सीतापुर)। रघुनाथपुर तेंदुआ गांव में सियार के हमले में घायल पिता-पुत्र की मौत से हड़कंप मच गया। 36 वर्षीय रघुवीर सिंह की 3 अगस्त को मौत हो गई थी, जबकि रविवार को उनके 65 वर्षीय पिता राजपाल सिंह ने भी दम तोड़ दिया।
घटना 20 जुलाई की सुबह हुई थी। राजपाल सिंह अपने पुत्र हरिहर और रघुवीर के साथ खेत जा रहे थे। रास्ते में झाड़ियों से निकले सियार ने हमला कर दिया। दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। ग्रामीणों ने मौके पर पहुंचकर सियार को भगाया।
घायलों को एंबुलेंस से सीएचसी गोंदलामऊ ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर किया गया। रघुवीर के चाचा विजय सिंह ने जिला अस्पताल में समुचित इलाज न मिलने का आरोप लगाया है।
पिता-पुत्र की मौत की सूचना पर नायब तहसीलदार अजय सिंह, लेखपाल शिवम यादव और वन विभाग की टीम गांव पहुंची। रेंजर सिकंदर सिंह ने बताया कि वन विभाग की टीम ने मौके पर जानकारी ली है और क्षेत्र में निगरानी बढ़ाकर ग्रामीणों को सतर्क रहने के लिए कहा गया है।