
स्वतंत्रता दिवस पर मण्डलायुक्त विजय विश्वास पंत ने किया ध्वजारोहण, शहीदों को किया नमन
मण्डलायुक्त ने राष्ट्र की एकता, अखंडता एवं संप्रभुता के प्रति प्रतिबद्धता दोहराते हुए कर्तव्यों के ईमानदारीपूर्वक निर्वहन का किया आह्वान
लखनऊ
80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर मण्डलायुक्त, लखनऊ श्री विजय विश्वास पंत ने आज मण्डलायुक्त कार्यालय परिसर में ध्वजारोहण किया। इस अवसर पर उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने राष्ट्रगान के साथ देश की एकता एवं अखंडता के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।
मण्डलायुक्त ने स्वतंत्रता संग्राम के अमर सेनानियों के त्याग एवं बलिदान को नमन करते हुए राष्ट्र की एकता, अखंडता और संप्रभुता को मजबूत करने का आह्वान किया। उन्होंने स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर देश की आजादी के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले अमर शहीदों, स्वतंत्रता सेनानियों एवं राष्ट्रनायकों को श्रद्धापूर्वक नमन करते हुए कहा कि स्वतंत्रता दिवस हमें राष्ट्र के महानायकों के त्याग, संघर्ष और बलिदान का स्मरण कराने के साथ ही देश की एकता, अखंडता और संप्रभुता के प्रति अपने दायित्वों को निभाने की प्रेरणा देता है। भारत की स्वतंत्रता असंख्य ज्ञात-अज्ञात स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग और बलिदान का परिणाम है। स्वतंत्रता संग्राम में उत्तर प्रदेश की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। प्रदेश की धरती ने अनेक महान क्रांतिकारियों और राष्ट्रभक्तों को जन्म दिया, जिन्होंने मातृभूमि की स्वतंत्रता के लिए अपना सर्वस्व अर्पित कर दिया। स्वतंत्रता दिवस ऐसे सभी वीर सपूतों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने का अवसर है।
उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता केवल अधिकारों का बोध नहीं कराती, बल्कि राष्ट्र के प्रति हमारे कर्तव्यों की भी याद दिलाती है। हम सभी को स्वतंत्रता सेनानियों के सपनों के भारत के निर्माण के लिए अपने कर्तव्यों का ईमानदारीपूर्वक निर्वहन करना चाहिए।
इस अवसर पर अपर आयुक्त प्रशासन श्री राधेश्याम, अपर आयुक्त न्यायिक दीप्ति देव यादव सहित समस्त अधिकारीगण एवं कर्मचारीगण उपस्थित रहे।