
13 से 15 अगस्त तक घर-घर फहराएं तिरंगा, डीएम ने की जनपदवासियों से अपील
प्रतापगढ़। जिलाधिकारी अभिषेक पाण्डेय ने जनपदवासियों से अपील की है कि हर घर तिरंगा अभियान के तहत 13 से 15 अगस्त तक अपने-अपने घरों पर तिरंगा झंडा फहराएं। उन्होंने नागरिकों से तिरंगे के साथ सेल्फी लेकर उसे हर घर तिरंगा अभियान की वेबसाइट पर अपलोड करने की भी अपील की है।जिलाधिकारी ने बताया कि अभियान के तहत 13 से 15 अगस्त तक आवासित घरों के साथ-साथ सरकारी एवं गैर सरकारी संस्थानों, व्यापारिक प्रतिष्ठानों, शहीद स्मारकों और अमृत सरोवरों आदि पर ध्वजारोहण कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। सरकारी कार्यालयों को तिरंगा प्रकाश से भी सजाया जाएगा।उन्होंने कहा कि प्रत्येक नागरिक को अपने आवास, स्कूल और सरकारी कार्यालयों में झंडा संहिता का पालन करते हुए पूरे सम्मान के साथ तिरंगा फहराना चाहिए। तिरंगा फहराते समय हमेशा केसरिया रंग की पट्टी ऊपर की ओर होनी चाहिए।डीएम ने बताया कि सरकारी अवसरों पर सामान्यतः सूर्योदय के बाद ध्वजारोहण किया जाना चाहिए और सूर्यास्त के समय सम्मानपूर्वक झंडा उतारना चाहिए। निजी आवासों एवं प्रतिष्ठानों पर लगाए गए तिरंगे को अभियान की अवधि के बाद भी सम्मानपूर्वक उतारकर सुरक्षित रखा जाना चाहिए।उन्होंने कहा कि तिरंगा उतारने के बाद उसे फेंका नहीं जाना चाहिए, बल्कि सम्मान के साथ फोल्ड करके सुरक्षित रखा जाए। विशेष परिस्थितियों में रात्रि में भी तिरंगा फहराया जा सकता है। आधा झुका, फटा या कटा हुआ झंडा लगाना निषिद्ध है।जिलाधिकारी ने जनपदवासियों से स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर हर घर तिरंगा अभियान में उत्साहपूर्वक भागीदारी करने और राष्ट्रीय ध्वज का सम्मान बनाए रखने की अपील की है।