
श्रावण मास में गंगाजल कांवड़ लेकर श्यामनाथ महादेव के लिए निकले शिवभक्त , कार्तिकेय
मिश्रित सीतापुर / वर्तमान में चल रहे पवित्र श्रावण मास में भगवान आशुतोष शिव की आराधना का विशेष महत्व माना जाता है। इस पावन माह में लाखों शिवभक्त जलाभिषेक , रुद्राभिषेक, दुग्धाभिषेक, डाक कांवड़ एवं अन्य धार्मिक अनुष्ठानों के माध्यम से भगवान शिव को प्रसन्न कर उनकी कृपा प्राप्त करने का प्रयास करते हैं । इसी क्रम में मिश्रित क्षेत्र के ग्राम दलेलनगर निवासी कार्तिकेय भगवान शिव के प्रति अपनी आस्था प्रकट करते हुए नैमिषारण्य के देव-देवेश्वर घाट से छः पात्रों में लग भग 60 लीटर गंगाजल की कांवड़ लेकर सीतापुर स्थित प्रसिद्ध श्यामनाथ महादेव मंदिर के लिए रवाना हुए। वहां पहुंचकर वह भगवान श्यामनाथ महादेव का गंगाजल से जलाभिषेक करेंगे । कार्तिकेय ने बताया है । कि यह कांवड़ यात्रा भगवान शिव की कृपा प्राप्त करने और क्षेत्र की सुख-समृद्धि एवं जनकल्याण की कामना के उद्देश्य से निकाली जा रही है। इस धार्मिक यात्रा में पिंकू, प्रियांशु, मोहित, दुर्गेश, भैयालाल, बीरू सहित लग भग एक दर्जन ग्रामीण नवयुवक सहयोग कर रहे हैं। श्रद्धालुओं में कांवड़ यात्रा को लेकर उत्साह एवं भक्ति का वातावरण बना हुआ है।