
सीतापुर जिलाधिकारी डॉ0 राजागणपति आर0 द्वारा तहसील लहरपुर अंतर्गत शारदा नदी के दाएं किनारे पर स्थित ग्राम बसंतापुर एवं लखनीपुर में संपादित कटान रोधी परियोजनाओं का विस्तृत स्थलीय निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी महोदय ने मौके पर उपस्थित सिंचाई विभाग के सहायक अभियंता, जूनियर इंजीनियर एवं क्षेत्रीय लेखपाल को स्थिति पर लगातार और कड़ी निगरानी बनाए रखने के कड़े निर्देश जारी किए। इस अवसर पर उन्होंने स्थानीय ग्रामवासियों से सीधा संवाद स्थापित कर बाढ़ की वर्तमान स्थिति, स्वास्थ्य सेवाओं, विद्यालयीय व्यवस्था तथा अन्य मूलभूत जन-सुविधाओं के संबंध में जानकारी प्राप्त की एवं संबंधित अधिकारियों को त्वरित निस्तारण हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
तत्पश्चात, जिलाधिकारी महोदय द्वारा शारदा नदी के तट पर स्थित ग्राम खाना मड़ोर का निरीक्षण किया गया। उन्होंने ग्राम के अपस्ट्रीम में कटान रोधी कार्य सिंचाई विभाग से तत्काल प्रारंभ करने हेतु निर्देशित किया। इसके साथ ही, किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए उप जिलाधिकारी लहरपुर को आवश्यकतानुसार प्रभावित ग्रामीणों को समय रहते सुरक्षित स्थानों पर स्थानांतरित (शिफ्ट) करने के निर्देश दिए।
स्थलीय निरीक्षण के दौरान एसडीएम लहरपुर धामिनी दास, सिंचाई विभाग के अधिशासी अभियंता विशाल पोरवाल, सहायक अभियंता, संबंधित जूनियर इंजीनियर, लेखपाल एवं अन्य विभागीय अधिकारी/कर्मचारी उपस्थित रहे।