
बोल बम के जयकारों से गुंजायमान हुआ क्षेत्र, बाबा धाम के लिए रवाना हुआ कांवरियों का विशाल जत्था
कुंडा/प्रतापगढ़। बोल बम कांवरिया संघ, बाघराय के तत्वावधान में सैकड़ों शिवभक्त कांवरियों का विशाल जत्था बाबा बैद्यनाथ धाम (देवघर, झारखंड) में जलाभिषेक एवं दर्शन के लिए गाजे-बाजे के साथ रवाना हुआ। कांवरियों की रवानगी के दौरान पूरा क्षेत्र “बोल बम” और “हर-हर महादेव” के जयघोष से शिवमय हो उठा। प्रस्थान से पूर्व आयोजित विदाई समारोह में जनसत्ता दल लोकतांत्रिक के सक्रिय सदस्य एवं समाजसेवी विक्कू सिंह तथा एवं समाज सेवी संजय मिश्रा ने सभी कांवरियों का तिलक लगाकर, माल्यार्पण कर, पहचान पत्र (आईडी कार्ड) वितरित किए तथा यात्रा सहयोग के रूप में नकद धनराशि प्रदान कर सम्मानपूर्वक विदा किया। उन्होंने सभी श्रद्धालुओं की मंगलमय एवं सुरक्षित यात्रा की कामना की। यात्रा के दौरान कांवरियों में विशेष उत्साह देखने को मिला। ढोल-नगाड़ों और डीजे पर बज रहे शिव भजनों की धुन पर श्रद्धालु नाचते-गाते बाबा धाम के लिए रवाना हुए। पूरे मार्ग पर भक्तिमय माहौल बना रहा और श्रद्धालुओं का उत्साह देखते ही बन रहा था।
आयोजन के दौरान सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए बाघराय पुलिस पूरी तरह मुस्तैद रही। थानाध्यक्ष श्रवण कुमार के नेतृत्व में पुलिस बल ने भीड़ नियंत्रण और सुरक्षा की समुचित व्यवस्था संभाली, जिससे कार्यक्रम शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हुआ।
इस अवसर पर कोटेदार रोर धर्मू सरोज, निराला त्रिपाठी, प्रमोद त्रिपाठी, सत्यप्रकाश तिवारी, रत्नेश शुक्ला, गिरजाशंकर शुक्ला सहित क्षेत्र के अनेक गणमान्य लोग एवं श्रद्धालु उपस्थित रहे।