
आत्महत्या के लिए दुष्प्रेरण के मामले में वांछित युवक गिरफ्तार
मानिकपुर/प्रतापगढ़। थाना मानिकपुर पुलिस ने आत्महत्या के लिए दुष्प्रेरण (उकसाने) के मामले में वांछित अभियुक्त अमित सोनकर (25 वर्ष) को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने उसे ग्राम पाटीहार से गिरफ्तार किया।पुलिस के अनुसार, 4 अगस्त 2026 को मुबारकपुर पाटीहार निवासी युवक ने तहरीर देकर आरोप लगाया था कि उसकी बहन का अमित सोनकर से प्रेम संबंध था और वह उससे विवाह करना चाहती थी। आरोप है कि शादी से इनकार करने तथा कथित रूप से अपमानजनक बातें कहने से आहत होकर युवती ने 3 अगस्त को करेंटी गंगा पुल से कूदकर आत्महत्या कर ली। इस मामले में थाना मानिकपुर में धारा 108 बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था।पुलिस अधीक्षक दीपक भूकर के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत अपर पुलिस अधीक्षक (पश्चिमी) बृजनन्दन राय एवं क्षेत्राधिकारी कुंडा शिव नारायण वैस के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक पंकज कुमार राय के नेतृत्व में पुलिस टीम ने आरोपी को गिरफ्तार किया।पुलिस के अनुसार, पूछताछ में अभियुक्त ने स्वीकार किया कि उसका मृतका से प्रेम संबंध था, लेकिन वह शादी नहीं करना चाहता था। उसने बताया कि युवती और उसके परिजनों के दबाव के बावजूद उसने विवाह से इनकार कर दिया था। इसके बाद युवती ने आत्महत्या कर ली। पुलिस ने बताया कि आरोपी घटना के बाद गिरफ्तारी से बचने के लिए छिपता फिर रहा था।पुलिस मामले में आगे की विधिक कार्रवाई कर रही है।