
रिमझिम बारिश के बीच गुलजार रहा भयहरण नाथ धाम का प्रथम मंगलवार मेला
प्रतापगढ़। प्रसिद्ध पांडवकालीन भयहरण नाथ धाम में सावन मेला-2026 के प्रथम परंपरागत मंगलवार को रिमझिम बारिश के बीच भी श्रद्धालुओं का उत्साह कम नहीं हुआ। सुबह से हो रही वर्षा के बावजूद बड़ी संख्या में शिवभक्त धाम पहुंचे और भगवान शिव का जलाभिषेक कर पूजा-अर्चना की। दोपहर बाद मौसम साफ होने पर ध्वज-पताका चढ़ाने वाले श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी।मेला समिति के महासचिव शेखर ने बताया कि सुबह पांच बजे से ही मेला कंट्रोल रूम, अस्थायी पुलिस चौकी तथा स्वयंसेवक विभिन्न स्थानों पर तैनात रहे। मुख्य मंदिर सहित सभी मंदिरों में पुजारियों एवं सेवकों ने श्रद्धालुओं को दर्शन-पूजन और जलाभिषेक में सहयोग प्रदान किया। कई सामाजिक संगठनों एवं श्रद्धालुओं द्वारा शरबत, रोट प्रसाद तथा कढ़ी-चावल का वितरण भी किया गया।मेला मजिस्ट्रेट रामानुज पांडेय के निर्देशन में राजस्व एवं पुलिस टीम पूरे मेले में सुरक्षा व्यवस्था संभाले रही। वहीं कार्यालय प्रभारी नीरज मिश्र, स्वच्छता सहायक राजकुमार गौतम तथा मेला एवं मंदिर उपसमिति के सदस्यों ने व्यवस्थाओं को सुचारु बनाए रखने में सहयोग किया।