
मानिकपुर थाने के वांछित अभियुक्त पर 10 हजार रुपये का इनाम घोषित
मानिकपुर/प्रतापगढ़। पुलिस अधीक्षक प्रतापगढ़ दीपक भूकर ने थाना मानिकपुर में दर्ज एक मुकदमे के वांछित एवं फरार अभियुक्त की गिरफ्तारी के लिए 10 हजार रुपये का पुरस्कार घोषित किया है।पुलिस के अनुसार, थाना मानिकपुर पर दर्ज मुकदमा अपराध संख्या 143/2026 (धारा 69, 352 एवं 351(3) बीएनएस) में नामजद अभियुक्त अमित पटेल पुत्र श्यामलाल पटेल, निवासी पश्चिम का पुरवा, डडौली, थाना मानिकपुर, जनपद प्रतापगढ़, घटना के बाद से लगातार फरार चल रहा है।पुलिस द्वारा अभियुक्त की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है, लेकिन अब तक उसे गिरफ्तार नहीं किया जा सका है। जनसहयोग प्राप्त करने और अभियुक्त की शीघ्र गिरफ्तारी सुनिश्चित करने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक ने उस पर ₹10,000 का इनाम घोषित किया है।पुलिस ने बताया कि अभियुक्त के संबंध में सही एवं ठोस सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी तथा नियमानुसार घोषित पुरस्कार राशि प्रदान की जाएगी।प्रभारी निरीक्षक थाना मानिकपुर के निर्देशन में उपनिरीक्षक संजय कुमार, उपनिरीक्षक अमित कुमार एवं पुलिस टीम ने अभियुक्त के घर और गांव में दबिश दी। साथ ही गांव में लाउडस्पीकर से उद्घोषणा कराकर तथा सार्वजनिक स्थानों पर सूचना चस्पा कर आमजन से अभियुक्त की गिरफ्तारी में सहयोग करने की अपील की गई है। पुलिस टीम लगातार संभावित स्थानों पर तलाश और दबिश की कार्रवाई कर रही है।