प्रेम प्रसंग में युवक की हत्या का खुलासा, 3 घंटे के भीतर दो आरोपी गिरफ्तार

प्रेम प्रसंग में युवक की हत्या का खुलासा, 3 घंटे के भीतर दो आरोपी गिरफ्तार
ब्यूरो चीफ/ जौनपुर

जौनपुर। थाना बदलापुर पुलिस ने हत्या की एक सनसनीखेज घटना का मात्र तीन घंटे के भीतर सफल अनावरण करते हुए दो अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार मृतक की पत्नी ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर प्रेम प्रसंग के चलते पति की गला दबाकर हत्या कर दी थी।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जौनपुर के निर्देशन में अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत अपर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) आतिश कुमार सिंह एवं क्षेत्राधिकारी बदलापुर सुनील चन्द्र तिवारी के पर्यवेक्षण तथा थानाध्यक्ष फूलचन्द्र पाण्डेय के नेतृत्व में थाना बदलापुर पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया।

पुलिस के अनुसार ग्राम भलुवाही निवासी लाल जी ने थाना बदलापुर में तहरीर देकर आरोप लगाया कि उनकी बहू वंदना ने अपने प्रेमी राजेश कुमार के साथ मिलकर 24 जुलाई 2026 की रात लगभग 11 बजे उनके पुत्र की रस्सी से गला दबाकर हत्या कर दी। तहरीर के आधार पर थाना बदलापुर में मु0अ0सं0-372/26 के अंतर्गत धारा 103(1)/3(5) बीएनएस में मुकदमा पंजीकृत किया गया।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तेजी से कार्रवाई करते हुए 25 जुलाई 2026 को ग्राम भलुवाही से दोनों आरोपियों को हिरासत में ले लिया। गिरफ्तार अभियुक्तों में राजेश पुत्र हरीलाल निवासी ग्राम गजाधरपुर, थाना बदलापुर तथा वंदना पत्नी चन्द्रीप निवासी ग्राम भलुवाही, थाना बदलापुर शामिल हैं।

पुलिस ने दोनों अभियुक्तों के विरुद्ध विधिक कार्रवाई पूर्ण करते हुए उन्हें माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किए जाने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।

नमस्कार,नैमिष टुडे न्यूज़पेपर में आपका स्वागत है,यहाँ आपको हमेसा ताजा खबरों से रूबरू कराया जाएगा , खबर ओर विज्ञापन के लिए संपर्क करे 9415969423 ,हमारे यूट्यूब चैनल को सबस्क्राइब करें, साथ मे हमारे फेसबुक को लाइक जरूर करें