
30वें दीक्षांत समारोह को लेकर सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण, पुलिस बल को किया गया ब्रीफ
नैमिष टुडे /ब्यूरो चीफ /जौनपुर
जौनपुर, वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय, जौनपुर में 27 जुलाई 2026 को आयोजित होने वाले 30वें दीक्षांत समारोह में उत्तर प्रदेश की महामहिम राज्यपाल महोदया के प्रस्तावित आगमन के दृष्टिगत जिलाधिकारी श्री समुअल पाल एन. एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कुंवर अनुपम सिंह ने कार्यक्रम स्थल तथा आसपास के क्षेत्रों का गहन निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने कार्यक्रम स्थल, वीवीआईपी आगमन एवं प्रस्थान मार्ग, पार्किंग व्यवस्था, प्रवेश एवं निकास द्वार, बैरिकेडिंग, ड्यूटी प्वाइंट, सुरक्षा उपकरणों सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं का सूक्ष्म परीक्षण किया तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था को त्रुटिरहित एवं व्यवस्थित बनाए रखने पर विशेष बल दिया।
इसके उपरांत वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने सुरक्षा ड्यूटी में तैनात पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को ब्रीफ करते हुए निर्देशित किया कि सभी कार्मिक अपने निर्धारित ड्यूटी प्वाइंट पर समय से उपस्थित होकर पूर्ण सतर्कता, अनुशासन एवं समन्वय के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें। कार्यक्रम के दौरान प्रत्येक गतिविधि पर सतत निगरानी बनाए रखते हुए किसी भी संदिग्ध व्यक्ति अथवा वस्तु की सूचना तत्काल उच्चाधिकारियों को देने के निर्देश दिए गए।
इसके साथ ही यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने, आमजन को अनावश्यक असुविधा से बचाने तथा सुरक्षा मानकों का शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित करने हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश भी जारी किए गए। वरिष्ठ अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि कार्यक्रम की सुरक्षा एवं सुचारु संचालन सुनिश्चित करने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समयबद्ध ढंग से पूर्ण की जा रही हैं।