
श्रावण मांह में श्रद्धालुओं की आस्था से खिलवाड़ , सीता कुंड तीर्थ गंदगी और काई से पटा, पालिका प्रशासन बेपरवाह
मिश्रित सीतापुर / नगर पालिका परिषद मिश्रित-नैमिषारण्य कार्यालय के ठीक सामने स्थित प्राचीन एवं पौराणिक सीता कुंड तीर्थ इन दिनों गंदगी और काई की चपेट में चल रहा है। पालिका प्रशासन की अनदेखी के चलते कुंड का पूरा जल काई से ढका हुआ है । जिससे इसकी स्वच्छता पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है । कि कुंड का पानी स्नान तो दूर, आचमन योग्य भी नहीं रह गया है । श्रावण मास में इस पवित्र तीर्थ पर प्रतिदिन सैकड़ों श्रद्धालु स्नान करके भगवान शेषनाथ महादेव के दर्शन के लिए पहुंचते हैं। प्रत्येक सोमवार को यहां विशाल मेला भी लगता है, जिसमें दूर-दराज से श्रद्धालुओं का आगमन होता है। इसके बावजूद तीर्थ की साफ-सफाई और रखरखाव की समुचित व्यवस्था नहीं की जा रही है । धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, भगवान श्रीराम, माता सीता और लक्ष्मण ने अपने 14 वर्ष के वनवास काल के दौरान कुछ समय इस स्थान पर निवास किया था। इसी कारण सीता कुंड का विशेष धार्मिक और ऐतिहासिक महत्व माना जाता है । स्थानीय श्रद्धालुओं और नागरिकों ने नगर पालिका प्रशासन से मांग की है । कि सीता कुंड तीर्थ की तत्काल सफाई कराकर जल को स्वच्छ बनाया जाय ताकि श्रावण मास में आने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े ।