
सीतापुर जिलाधिकारी डा0 राजगणपति आर0 एवं पुलिस अधीक्षक अंकुर अग्रवाल की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में आगामी कॉवड़ यात्रा के संबंध में पीस कमेटी एवं कानून व्यवस्था की बैठक सम्पन्न हुयी। बैठक के दौरान जिलाधिकारी डा0 राजगणपति आर0 एवं पुलिस अधीक्षक अंकुर अग्रवाल ने कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा को सर्वाेच्च प्राथमिकता बताते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि जनपद के सभी प्रमुख शिवालयों, स्नान घाटों एवं कांवड़ यात्रा मार्गों पर सुरक्षा के व्यापक एवं प्रभावी प्रबंध समय से सुनिश्चित किए जाएं। उन्होंने कहा कि जिन घाटों पर श्रद्धालुओं की अधिक भीड़ रहती है, वहां बैरीकेटिंग का कार्य पूर्ण करा दिया गया है ताकि श्रद्धालु सुरक्षित सीमा के भीतर रहकर ही स्नान कर सकें तथा भीड़ का सुव्यवस्थित संचालन सुनिश्चित हो सके। जहां आवश्यकता होगी, वहां अतिरिक्त बैरीकेटिंग भी कराई जाएगी।
पुलिस अधीक्षक ने निर्देश दिए कि सभी प्रमुख घाटों पर पर्याप्त पुलिस बल, होमगार्ड एवं जल पुलिस की तैनाती सुनिश्चित की जाए तथा किसी भी श्रद्धालु को बैरीकेटिंग पार कर प्रतिबंधित क्षेत्र में जाने की अनुमति न दी जाए। उन्होंने कहा कि भीड़भाड़ वाले स्थानों पर लगातार पुलिस गश्त, सीसीटीवी एवं ड्रोन कैमरों के माध्यम से निगरानी रखी जाएगी तथा किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए पुलिस बल पूरी तरह सतर्क रहेगा।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि सभी प्रमुख घाटों पर बड़े एवं स्पष्ट चेतावनी सूचना-पट्ट लगाए जाएं, जिन पर प्रमुखता से अंकित किया जाए कि इस बिंदु से आगे जाना प्रतिबंधित एवं खतरनाक है। कृपया बैरीकेटिंग के भीतर ही स्नान करें तथा गहरे पानी में जाने का प्रयास न करें। साथ ही जलस्तर अधिक होने, तेज बहाव अथवा फिसलन वाले स्थानों को चिन्हित कर वहां अतिरिक्त चेतावनी बोर्ड लगाए जाएं। उन्होंने निर्देशित किया कि प्रत्येक प्रमुख घाट पर पुलिस बल, होमगार्ड, जल पुलिस एवं प्रशिक्षित गोताखोरों की पर्याप्त तैनाती रहे। आवश्यकता पड़ने पर लाउडस्पीकर के माध्यम से समय-समय पर श्रद्धालुओं को सुरक्षा संबंधी दिशा-निर्देश प्रसारित किए जाएं तथा उन्हें प्रशासन द्वारा निर्धारित नियमों का पालन करने के लिए जागरूक किया जाए।
जिलाधिकारी ने स्वास्थ्य विभाग को सभी प्रमुख घाटों एवं कांवड़ मार्गों पर मेडिकल टीम, एम्बुलेंस, प्राथमिक उपचार केंद्र तथा आवश्यक दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। वहीं पुलिस अधीक्षक ने सभी थाना प्रभारियों एवं क्षेत्राधिकारियों को लगातार भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी करने तथा किसी भी सूचना पर तत्काल प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक के अंत में पुलिस अधीक्षक ने कहा कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा एवं कानून व्यवस्था से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। सभी अधिकारी आपसी समन्वय के साथ कार्य करें ताकि कांवड़ यात्रा जनपद में पूर्णतः सुरक्षित, सुव्यवस्थित एवं शांतिपूर्ण वातावरण में सम्पन्न हो सके।
बैठक के दौरान अपर जिलाधिकारी आयुष चौधरी, नगर मजिस्ट्रेट मीनाक्षी पाण्डेय, संबंधित अधिकारी सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।