
मुंगरा बादशाहपुर: चौकी सतहरिया में शुरू हुई दैनिक जनसुनवाई, थानाध्यक्ष अश्विनी कुमार दुबे की नई पहल
अरुण कुमार दुबे/ ब्यूरो चीफ
मुंगरा बादशाहपुर (जौनपुर)। आमजन और पुलिस के बीच बेहतर संवाद, आसान पहुंच तथा शिकायतों के त्वरित एवं पारदर्शी निस्तारण के उद्देश्य से मुंगरा बादशाहपुर थाना प्रभारी निरीक्षक अश्विनी कुमार दुबे ने एक सराहनीय पहल की है।
थाना प्रभारी का कार्यभार संभालने के बाद से ही थाने में प्रतिदिन प्रातः 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक जनसुनवाई की व्यवस्था संचालित की जा रही है, जहां बड़ी संख्या में फरियादी अपनी समस्याओं के समाधान के लिए पहुंच रहे हैं।
इसी क्रम में वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशों के अनुपालन में अब पुलिस चौकी सतहरिया में भी प्रतिदिन दोपहर 2 बजे से 3 बजे तक जनसुनवाई की व्यवस्था शुरू कर दी गई है। इस नई व्यवस्था का शुभारंभ करते हुए थाना प्रभारी अश्विनी कुमार दुबे स्वयं चौकी सतहरिया पहुंचे और उपस्थित फरियादियों से संवाद कर उनकी शिकायतें सुनीं। उन्होंने सभी मामलों के संवैधानिक एवं निष्पक्ष तरीके से निस्तारण का भरोसा दिलाया।
इस पहल से क्षेत्रीय नागरिकों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए अब थाने तक आने की आवश्यकता नहीं होगी। स्थानीय स्तर पर ही शिकायतों के त्वरित निस्तारण की दिशा में यह व्यवस्था पुलिस और जनता के बीच विश्वास को और मजबूत करने वाली मानी जा रही है।