
बस स्टॉप पर टला बड़ा हादसा, रोडवेज बस और स्कूल वैन की हल्की टक्कर से मची अफरा-तफरी
चालक की सूझबूझ से टला बड़ा हादसा, सभी छात्र व यात्री सुरक्षित
नैमिष टुडे संवाददाता
धीरेन्द्र कुमार वर्मा
बिसवां (सीतापुर)। नगर के बिसवां बस स्टॉप पर शुक्रवार सुबह करीब 7:30 बजे एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। बस स्टैंड से बाहर निकल रही उत्तर प्रदेश परिवहन निगम की रोडवेज बस की सामने से आ रही सरस्वती स्कूल की वैन से हल्की टक्कर हो गई। घटना के बाद मौके पर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया और लोगों की भीड़ जुट गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, रोडवेज बस बस स्टैंड से बाहर निकल रही थी। इसी दौरान सामने से सरस्वती स्कूल की वैन आ गई। बताया जा रहा है कि बस का प्रेशर पूरी तरह नहीं बन पाने के कारण चालक को वाहन नियंत्रित करने में कठिनाई हुई, जिससे बस का अगला हिस्सा स्कूल वैन से हल्का टकरा गया। चालक ने तत्काल ब्रेक लगाकर बस को नियंत्रित कर लिया, जिससे संभावित बड़ा हादसा टल गया।
गनीमत रही कि इस दुर्घटना में स्कूल वैन में सवार किसी भी छात्र, चालक या अन्य व्यक्ति को कोई चोट नहीं आई। दोनों वाहनों को मामूली क्षति पहुंची है। घटना के बाद कुछ देर तक यातायात प्रभावित रहा, लेकिन स्थिति सामान्य होने पर आवागमन सुचारु रूप से शुरू हो गया।
स्थानीय लोगों ने चालक की सतर्कता और सूझबूझ की सराहना करते हुए कहा कि समय रहते बस पर नियंत्रण नहीं पाया जाता तो बड़ा हादसा हो सकता था। घटना ने बस स्टॉप क्षेत्र में यातायात व्यवस्था और सुरक्षा उपायों को लेकर भी कई सवाल खड़े कर दिए हैं।