
“ग्राम सुरक्षा में योगदान, ग्राम प्रहरियों का सम्मान” कार्यक्रम का रिजर्व पुलिस लाइन सीतापुर में हुआ लाइव प्रसारण
सीतापुर
मा0 मुख्यमंत्री, उत्तर प्रदेश द्वारा प्रदेश के 68,000 ग्राम प्रहरियों के सम्मान कार्यक्रम के क्रम में जनपद सीतापुर के ग्राम प्रहरियों ने किया प्रतिभाग, ग्रामीण सुरक्षा एवं अपराध नियंत्रण में उनके योगदान को किया गया रेखांकित।*
आज दिनांक 13.10.2026 को मा0 मुख्यमंत्री, उत्तर प्रदेश द्वारा पुलिस सहयोग एवं अपराध नियंत्रण में सराहनीय योगदान देने वाले प्रदेश के 68,000 ग्राम प्रहरियों के सम्मान हेतु आयोजित “ग्राम सुरक्षा में योगदान, ग्राम प्रहरियों का सम्मान” कार्यक्रम का रिजर्व पुलिस लाइन, सीतापुर में लाइव प्रसारण किया गया। इस अवसर पर जनपद के समस्त थानों में नियुक्त ग्राम प्रहरियों ने कार्यक्रम में प्रतिभाग किया। कार्यक्रम में मा.मंत्री श्री राकेश राठौर गुरु, मा.मंत्री श्री सुरेश राही जी, पुलिस अधीक्षक सीतापुर श्री अंकुर अग्रवाल, अपर पुलिस अधीक्षक उत्तरी, क्षेत्राधिकारी नगर, क्षेत्राधिकारी सदर सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान मा0 मुख्यमंत्री जी द्वारा ग्राम प्रहरियों के मानदेय में वृद्धि तथा ₹05 लाख तक के कैशलेस उपचार की सुविधा प्रदान किए जाने के संबंध में जानकारी दी गई। यह पहल ग्राम प्रहरियों के कल्याण, उनके मनोबल में वृद्धि तथा ग्रामीण क्षेत्रों में कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ करने की दिशा में महत्वपूर्ण है। ग्राम प्रहरी पुलिस एवं ग्रामीण जनता के मध्य एक महत्वपूर्ण कड़ी के रूप में कार्य करते हैं। वे अपने क्षेत्र में होने वाली संदिग्ध गतिविधियों, अपराध एवं कानून-व्यवस्था से संबंधित महत्वपूर्ण सूचनाओं को पुलिस तक पहुंचाने में सहयोग प्रदान करते हैं। ग्रामीण क्षेत्रों में शांति एवं सुरक्षा बनाए रखने, अपराधों की रोकथाम तथा पुलिस की कार्यप्रणाली को जनसहभागिता से अधिक प्रभावी बनाने में उनकी भूमिका महत्वपूर्ण है। कार्यक्रम के माध्यम से ग्राम प्रहरियों के कर्तव्यों एवं दायित्वों के प्रति उनके योगदान को सम्मान देने के साथ-साथ ग्रामीण सुरक्षा व्यवस्था में उनकी सक्रिय सहभागिता को प्रोत्साहित किया गया।
इस दौरान मा.मंत्री श्री राकेश राठौर गुरु एवम् मा.मंत्री श्री सुरेश राही जी द्वारा पुलिस सहयोग एवं अपराध नियंत्रण में सराहनीय योगदान देने वाले ग्राम प्रहरियों को सम्बोधित करते हुए कहा कि ग्राम प्रहरी गांवों में पुलिस के कान और आंख होते हैं। उनके द्वारा दी जाने वाली समय पर सूचनाएं और जमीनी स्तर पर सतर्कता कई बड़ी घटनाओं को टालने और अपराधियों पर नकेल कसने में बेहद मददगार साबित होती हैं।
इस अवसर पर शासन स्तर से चलाई जा रही विभिन्न सुरक्षा योजनाओं और ग्रामीण क्षेत्रों में कानून-व्यवस्था को और अधिक चुस्त-दुरस्त बनाने के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए गए।