
गजब:मछली की जगह जाल में फंसी बोरी,खोलते ही निकले कई पासपोर्ट, पुलिस महकमे में मचा हड़कंप
मिर्जापुर।इस समय भारत के पासपोर्ट की हर जगह चर्चा बनी हुई है,जहां एक ओर ग्लोबल पासपोर्ट इंडेक्स में भारत एक पायदान फिसलकर 125वें स्थान पर आ गया है।वहीं दूसरी ओर मिर्जापुर के तालाब से एक नहीं 31 पासपोर्ट मिले हैं।बरामद पासपोर्ट मिर्जापुर,वाराणसी,भदोही,अंबेडकरनगर समेत कई जिलों के लोगों के बताए जा रहे हैं।पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
मिली जानकारी के मुताबिक कछवा के तुलापुर में मछुआरे तालाब में जाल डालकर मछली पकड़ रहे थे,तभी जाल में गिट्टी से भरी एक बोरी फंस गई।पहले तो मछुआरों को लगा कुछ ऐसे ही कबाड़ा होगा,लेकिन जब बोरी को बाहर निकालकर खोला तो उनकी आंखें फटी की फटी रह गईं।बोरी में 31 पासपोर्ट मिले।जब आसपास के लोगों को इस बारे में जानकारी मिली तो हर कोई देखने के लिए मौके पर पहुंच गया।मछुआरों ने पुलिस को फोन करके सारी बात बताई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर कुल 31 पासपोर्ट बरामद किए, इसमें से कुछ एक्सपायर भी हैं।ये पासपोर्ट आसपास के जिलों के लोगों के हैं।फिलहाल पुलिस जांच में जुटी है कि यह पासपोर्ट कैसे यहां पहुंचे।
मिर्जापुर के अपर पुलिस अधीक्षक नीतिश कुमार ने कहा कि तालाब से 31 पासपोर्ट मिले हैं।मछुआरों से पुलिस पूछताछ कर रही है।प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि बरामद पासपोर्टों में मिर्जापुर के 20, वाराणसी के 5, भदोही के 4, जौनपुर का 1 और प्रयागराज का 1 पासपोर्ट शामिल हैं,इनमें 29 हिंदू और 2 मुस्लिम नागरिकों के पासपोर्ट बताए गए हैं।