
शिक्षक संघ सकरन की कार्यकारिणी का गठन, पदाधिकारियों ने ली शपथ
सांडा (सीतापुर)। विकास क्षेत्र सकरन अंतर्गत उत्तर प्रदेश प्राथमिक शिक्षक संघ की ब्लॉक कार्यकारिणी का गठन शनिवार को संपन्न हुआ। पूर्व में संपन्न हुए चुनाव में धीरेंद्र पटेल अध्यक्ष निर्वाचित होने के बाद शनिवार को नवगठित कार्यकारिणी के अन्य पदाधिकारियों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई गई। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में शिक्षकों ने सहभागिता करते हुए संगठन की मजबूती और शिक्षक हितों के संरक्षण का संकल्प लिया।
गठित कार्यकारिणी में धीरेन्द्र कुमार पटेल को अध्यक्ष, मोहम्मद आरिफ को मंत्री, रवीन्द्र मिश्रा को संरक्षक, कृष्ण कांत को वरिष्ठ उपाध्यक्ष, अस्मिता यादव को उपाध्यक्ष, संजय कुमार चित्रांश को संगठन मंत्री, अजल पटेल को संयुक्त मंत्री, मनीष त्रिवेदी को उप मंत्री, विजय कुमार गुप्ता को कोषाध्यक्ष, राधा कृष्ण दीक्षित को ऑडिटर तथा किरन तिवारी को मीडिया प्रभारी का दायित्व सौंपा गया।
इस अवसर पर नवनिर्वाचित अध्यक्ष धीरेन्द्र कुमार पटेल ने कहा, “उत्तर प्रदेश प्राथमिक शिक्षक संघ सदैव शिक्षकों के सम्मान, अधिकारों और समस्याओं के समाधान के लिए प्रतिबद्ध रहा है। हमारी पूरी कार्यकारिणी सभी शिक्षकों को साथ लेकर संगठन को और अधिक मजबूत बनाएगी। शिक्षक हितों की रक्षा, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के संवर्धन तथा शासन-प्रशासन के समक्ष शिक्षकों की समस्याओं को प्रभावी ढंग से उठाना हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता होगी। हम सभी साथियों के सहयोग से संगठन को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने का प्रयास करेंगे।”
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित शिक्षकों ने नवगठित कार्यकारिणी को शुभकामनाएं देते हुए संगठन के माध्यम से शिक्षक समाज के हित में निरंतर कार्य करने का विश्वास व्यक्त किया।