
अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर योगमय हुआ सेठ रामगुलाम पटेल ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस, एसडीएम व सीओ ने किया विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन
महमूदाबाद, सीतापुर अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर सेठ रामगुलाम पटेल ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस के अंतर्गत संचालित संस्थानों—सेठ रामगुलाम पटेल इंटर कॉलेज, सेठ रामगुलाम डिग्री कॉलेज एवं सेठ रामगुलाम मुनेश्वर प्रसाद आईटीआई में शनिवार को उत्साह और उमंग के साथ योग दिवस मनाया गया। कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं, शिक्षकों एवं प्रशासनिक अधिकारियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और योग के महत्व को जन-जन तक पहुंचाने का संदेश दिया।
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि उपजिलाधिकारी डॉ. अंजली सिंह रहीं, जबकि क्षेत्राधिकारी वेद प्रकाश श्रीवास्तव, सेठ रामगुलाम पटेल मेमोरियल ट्रस्ट के उपाध्यक्ष नरेश चंद्र तथा संस्थान के डायरेक्टर एवं सीईओ इंजी. क्षितिज चंद्रा विशेष रूप से उपस्थित रहे। सभी अतिथियों ने योगाभ्यास में भाग लेकर स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया।
अपने संबोधन में उपजिलाधिकारी डॉ. अंजली सिंह ने कहा कि योग भारत की प्राचीन और अमूल्य विरासत है, जो शरीर, मन और आत्मा के बीच संतुलन स्थापित करने का माध्यम है। उन्होंने सभी से नियमित योग को जीवन का हिस्सा बनाने का आह्वान किया।
क्षेत्राधिकारी वेद प्रकाश श्रीवास्तव ने कहा कि वर्तमान समय में तनाव और स्वास्थ्य संबंधी चुनौतियों से निपटने के लिए योग सबसे सरल और प्रभावी उपाय है। योग व्यक्ति को मानसिक शांति, आत्मविश्वास और सकारात्मक ऊर्जा प्रदान करता है।
संस्थान के डायरेक्टर एवं सीईओ इंजी. क्षितिज चंद्रा ने कहा कि योग भारतीय संस्कृति की ऐसी धरोहर है, जिसे आज पूरा विश्व अपना रहा है। नियमित योगाभ्यास से न केवल शारीरिक स्वास्थ्य बेहतर होता है, बल्कि व्यक्तित्व का सर्वांगीण विकास भी संभव होता है।
कार्यक्रम में इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य सुधीर कुमार, कार्यालय अधीक्षक वीरेंद्र कुमार, एनसीसी एसोसिएट ऑफिसर एवं योग प्रशिक्षक दुर्गेश यादव, फील्ड कोऑर्डिनेटर उमेश कुमार, आईटीआई प्रभारी शुभम कुमार, प्रशिक्षक सुनील कुमार सहित सभी संस्थानों के शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।
कार्यक्रम का समापन योग को दैनिक जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाने के संकल्प के साथ हुआ। योग दिवस के इस आयोजन ने विद्यार्थियों और शिक्षकों में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता और सकारात्मक ऊर्जा का संचार किया।