
नैमिष टुडे/ संवाददाता/ एसपी शुक्ला
सीतापुर जिलाधिकारी डा0 राजागणपति आर0 की अध्यक्षता में बुधवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिला स्वास्थ्य समिति (शासी निकाय) की बैठक सम्पन्न हुयी। बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने स्वास्थ्य विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं एवं कार्यक्रमों के क्रियान्वयन की स्थिति की विस्तारपूर्वक समीक्षा की।
आगामी पल्स पोलियो अभियान जनपद सीतापुर में 28 जून 2026 से चलाया जाएगा, जिसमें 28 जून 2026 को बूथ दिवस और 29 जून से 3 जुलाई 2026 तक हाउस टू हाउस एक्टिविटीज कराई जाएगी। बी टीम की एक्टिविटीज 06 जुलाई 2026 को संपादित की जाएगी। जिलाधिकारी द्वारा सभी अधीक्षक को निर्देश दिए गए कि पल्स पोलियो का प्रशिक्षण सभी ब्लॉक में दो दिवस के भीतर कर ले और आगामी 5 दिन के अंदर हाउस टू हाउस सर्वे करा कर बच्चों को चिन्हित करके पल्स पोलियो अभियान का माइक्रो प्लान बना दें। कोई भी बच्चा पोलियो की दवा पीने से न छूटे, यह सुनिश्चित किया जाये।
जिलाधिकारी द्वारा हरगांव में एक अनुपस्थित सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी का वेतन निकालने के संबंध में संबंधित ब्लाक के बी0पी0एम0 एवं ब्लॉक अकाउंट मैनेजर हरगांव का 15 दिन का वेतन काटने का निर्देश दिय तथाा हरगांव की दो सी0एच0ओ0 पर केन्द्र पर न जाने पर वेतन कटौती के साथ सेवा समाप्ति करने के निर्देश जिलाधिकारी ने दिये। जिलाधिकारी ने प्रभारी चिकित्साधिकारी हरगांव के विरूद्ध प्रतिकूल प्रविष्टि जारी करने के निर्देश दिये। साथ ही 102 एवं 108 की एम्बुलेंस के कार्यक्रम प्रबंधक की वार्षिक वृद्धि रोके जाने के निर्देश दिये। ए0आर0ओ0 महोली के वार रूम के कार्य में सुधार न होने तक वेतन रोकने के निर्देश जिलाधिकारी ने दिये। खराब प्रगति पर 08 सी0एच0ओ0 के विरूद्ध सेवासमाप्ति का नोटिस जारी करने के निर्देश दिये। नेत्र विभाग के 03 नेत्र सर्जन द्वारा सर्जरी कम करने पर अग्रिम आदेशों तक वेतन रोकने के निर्देश दिये।
जिलाधिकारी द्वारा मातृ सुरक्षा केंद्र की पूर्ण संचालन हेतु नोडल अधिकारी को निर्देश दिए की उनके द्वारा पूरा डाटा एकत्र किया जाए तथा लाभार्थी के दो सही मोबाइल नम्बर अंकित किये जाए एवं समय-समय पर लाभार्थी को कॉल करके उनका हाल-चाल लिया जाए और स्वास्थ्य संबंधी निर्देश भी दिए जाएं। मातृ सुरक्षित केंद्र के नोडल अधिकारी और स्टाफ नर्स की ड्यूटी होगी कि वह सभी लाभार्थियों को समय पर फोन करके उनका फीडबैक लेते रहे
जिलाधिकारी द्वारा यह भी निर्देश दिये गये कि प्रत्येक लेबर रूम में रोगी कल्याण समिति के बजट से एक एयर कंडीशनर लगवाया जाए। जनपद में आठ सबसे कम कार्य करने वाले सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारियों की सेवा समाप्त करने के निर्देश जिलाधिकारी द्वारा दिए गए।
बैठक के दौरान मुख्य विकास अधिकारी डा0 दीक्षा जोशी, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ0 सुखरंजन समद्दर सहित जिला स्वास्थ्य समिति के सदस्य एवं सम्बन्धित अधिकारी उपस्थित रहे।