
भीषण गर्मी में शोपीस बने सोलर वाटर कूलर , रांहगीरो और तीर्थ यात्रियों को नही मिल रहा ठंडा पानी
मिश्रित सीतापुर / नगर पालिका परिषद मिश्रित-नैमिषारण्य एवं क्षेत्र पंचायत द्वारा लोगों को भीषण गर्मी से राहत दिलाने तथा शुद्ध एवं ठंडा पेयजल उपलब्ध कराने के उद्देश्य से कस्बा मिश्रित के ब्लॉक कार्यालय, तहसील चौराहा, नहर चौराहा, पीपल चौराहा, रेलवे स्टेशन, महर्षि दधीचि कुंड तीर्थ सहित कई सार्वजनिक स्थानों पर लाखों रुपये की लागत से सोलर वाटर कूलर स्थापित कराए गए थे। लेकिन जिम्मेदार अधिकारियों की उदासीनता के चलते ये सभी वाटर कूलर अब शोपीस बनकर रह गए हैं। भीषण गर्मी के इस दौर में, जब लोगों को ठंडे पानी की सबसे अधिक आवश्यकता है, तब इन वाटर कूलरों से ठंडे पानी के बजाय गर्म और उबलता हुआ पानी निकल रहा है। इससे राहगीरों, श्रद्धालुओं और स्थानीय नागरिकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि इस समस्या को लेकर कई बार नगर पालिका एवं ब्लॉक प्रशासन से शिकायत की गई । लेकिन जिम्मेदार अधिकारियों ने अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया । परिणामस्वरूप लाखों रुपये की लागत से लगाए गए ये सोलर वाटर कूलर जनता को राहत देने के बजाय केवल औपचारिकता साबित हो रहे हैं । महर्षि दधीचि कुंड तीर्थ पर आने वाले श्रद्धालुओं ने भी नाराजगी व्यक्त करते हुए कहा कि तीर्थ स्थल पर ठंडे पेयजल की समुचित व्यवस्था न होने से उन्हें काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। उनका कहना है कि यदि समय रहते इन वाटर कूलरों की मरम्मत एवं नियमित रखरखाव की व्यवस्था नहीं की गई । तो यह सरकारी धन के दुरुपयोग का उदाहरण बन जाएगा । स्थानीय निवासियों ने जिलाधिकारी का ध्यान इस ओर आकर्षित कराते हुए सभी खराब पड़े सोलर वाटर कूलरों को शीघ्र दुरुस्त कराने तथा उनकी नियमित निगरानी सुनिश्चित करने की मांग की है ।