
ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक 17-18 जून को दिल्ली में, संगठन विस्तार और सदस्यता अभियान पर होगा मंथन
विष्णु सिकरवार
आगरा। ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की दो दिवसीय महत्वपूर्ण बैठक आगामी 17 एवं 18 जून 2026 को दिल्ली स्थित राष्ट्रीय कार्यालय में आयोजित की जाएगी। राष्ट्रीय अध्यक्ष देवी प्रसाद गुप्ता के निर्देशन में आयोजित होने वाली इस बैठक में राष्ट्रीय कार्यकारिणी के समस्त पदाधिकारी एवं सदस्य, सभी प्रदेश अध्यक्ष, प्रदेश महामंत्री, प्रदेश संयोजक तथा प्रदेश प्रभारी भाग लेंगे।
बैठक में संगठन के राष्ट्रीय विस्तार कार्यों की अब तक की प्रगति की समीक्षा की जाएगी। साथ ही विभिन्न राज्यों में संचालित सदस्यता अभियान की वर्तमान स्थिति एवं अद्यतन विवरण प्रस्तुत किए जाएंगे। संगठनात्मक ढांचे को और अधिक मजबूत एवं प्रभावी बनाने के उद्देश्य से कार्यप्रणाली के मूल्यांकन और आवश्यक सुधारों पर भी विचार-विमर्श होगा।
राष्ट्रीय कार्यकारिणी की इस बैठक में आगामी कार्ययोजना का निर्धारण, संगठन के कार्यक्षेत्र के विस्तार से जुड़े प्रस्तावों पर चर्चा तथा आवश्यक संगठनात्मक संशोधनों पर मंथन किया जाएगा। इसके अलावा विभिन्न प्रदेश इकाइयों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने और संगठन को अधिक सक्रिय, प्रभावी एवं जन-आधारित बनाने की रणनीति भी तैयार की जाएगी।
राष्ट्रीय अध्यक्ष देवी प्रसाद गुप्ता ने सभी पदाधिकारियों एवं सदस्यों से बैठक में अनिवार्य रूप से उपस्थित रहने का आह्वान करते हुए कहा कि संगठन के भविष्य की दिशा तय करने वाली इस महत्वपूर्ण बैठक में सभी प्रतिनिधियों की सहभागिता आवश्यक है। उन्होंने सभी आमंत्रित पदाधिकारियों से समय रहते अपने यात्रा कार्यक्रम एवं रेल आरक्षण सुनिश्चित करने की अपील की है।
बैठक में शामिल होने वाले प्रतिनिधियों के ठहरने, भोजन एवं अन्य व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी दिल्ली इकाई के अध्यक्ष सुखमाल जैन द्वारा संभाली जा रही है। संगठन ने सभी प्रतिनिधियों से अपनी उपस्थिति की अग्रिम पुष्टि करने का अनुरोध किया है, ताकि बैठक की व्यवस्थाएं सुचारु रूप से संचालित की जा सकें।
ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन के पदाधिकारियों का मानना है कि यह बैठक संगठन के राष्ट्रीय विस्तार, सदस्यता वृद्धि तथा पत्रकार हितों से जुड़े भविष्य के कार्यक्रमों की रूपरेखा तय करने में महत्वपूर्ण साबित होगी।