संदना श्रद्धालुओं से भरी बस खाई में गिरी, दो की मौत

संदना श्रद्धालुओं से भरी बस खाई में गिरी, दो की मौत

नैमिष टुडे संवाददाता
गोंदलामऊ सीतापुर

संदना थाना क्षेत्र में शुक्रवार सुबह नैमिषारण्य दर्शन कर लौट रही श्रद्धालुओं से भरी प्राइवेट बस बाइक से टकराकर खाई में गिर गई। हादसे में बाइक सवार ओमप्रकाश समेत दो लोगों की मौत हो गई, जबकि 30 से अधिक यात्री घायल हो गए।

मिश्रिख-सिधौली मार्ग पर बरगदिया नहर पुलिया के पास यह दुर्घटना हुई। आंध्र प्रदेश के पलनादू जनपद से आए 44 श्रद्धालु बस संख्या UP 80 HT 9393 से नैमिषारण्य और अयोध्या के दर्शन कर लखनऊ लौट रहे थे। इसी दौरान संदना के मिरिकापुर निवासी 50 वर्षीय ओमप्रकाश अपनी पत्नी जयदेवी के साथ बाइक से कोरौना जा रहे थे।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बस की रफ्तार अधिक थी। सामने से आ रही बाइक को बचाने के प्रयास में चालक ने नियंत्रण खो दिया। टक्कर के बाद बस सड़क के नीचे गहरे गड्ढे में जा गिरी। बाइक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और ओमप्रकाश की मौके पर मौत हो गई। बस में सवार एक अन्य यात्री ने अस्पताल ले जाते समय दम तोड़ दिया।

सूचना पर जिलाधिकारी डॉo राजा गणपति आर और एसपी अंकुर अग्रवाल पुलिस बल के साथ पहुंचे। घायलों को सीएचसी मछरेहटा और जिला अस्पताल भेजा गया। तीन गंभीर घायलों को लखनऊ ट्रामा सेंटर रेफर किया गया है। डीएम ने मुफ्त इलाज और दवाओं के निर्देश दिए। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी है।

नमस्कार,नैमिष टुडे न्यूज़पेपर में आपका स्वागत है,यहाँ आपको हमेसा ताजा खबरों से रूबरू कराया जाएगा , खबर ओर विज्ञापन के लिए संपर्क करे 9415969423 ,हमारे यूट्यूब चैनल को सबस्क्राइब करें, साथ मे हमारे फेसबुक को लाइक जरूर करें