
डीएम व एसपी जौनपुर को कोर्ट ने ई-मेल भेजकर किया जवाब-तलब
जमानत सत्यापन में थाना सरपतहा की पुलिस व सम्बन्धित एसडीएम की लापरवाही पर कड़ा रुख,सुनवाई आज
सुलतानपुर। जानलेवा हमले के मामले में जेल में निरुद्ध आरोपी विक्रांत सिंह की जमानत मंजूर होने के बाद सीजेएम कोर्ट से जमानतदारो का सत्यापन कराने के लिए एक माह पहले जौनपुर जिले के अफसरों को अभिलेख भेजे गए। फिलहाल सरपतहा थाने की पुलिस व सम्बन्धित एसडीएम सत्यापन नहीं करा सके,नतीजतन आरोपी की रिहाई लटकी हुई है। सोमवार को बचाव पक्ष की मांग पर सीजेएम नवनीत सिंह की अदालत ने मामले में संज्ञान लेते हुए जौनपुर जिले के डीएम-एसपी को ईमेल के माध्यम से पत्र भेजकर अधीनस्थों से जवाब-तलब करते हुए सात अप्रैल को अनुपालन आख्या पेश करने का आदेश दिया है।
अखण्डनगर थाना क्षेत्र की घटना बताते हुए जौनपुर जिले के बदलापुर थाने के अंगराह-मदेरिहा के रहने वाले वादी शिवानन्द तिवारी ने जौनपुर जिले के सरपतहा थाने के भुजौड़ी निवासी विक्रांत सिंह के खिलाफ हत्या के प्रयास सहित अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज कराया था। मामले में आरोपी विक्रांत को जेल भेजा गया है। मामले में आरोपी विक्रांत सिंह को जिला जज कोर्ट से गत तीन फरवरी को जमानत मिल चुकी है। जिसकी तरफ से गत छह मार्च को सीजेएम कोर्ट में जमानतदारों के अभिलेख पेश किए गए,फिलहाल माह भर बीतने के बाद भी सत्यापन रिपोर्ट नहीं भेजने पर कोर्ट ने कड़ा रुख अपनाया है और मामले में सुनवाई के लिए मंगलवार का दिन तय किया है।