
अवैध रूप से चल रहे क्लिनिक पर प्रशासन की बड़ी कार्रवाई, स्वास्थ्य विभाग ने किया सील
सुल्तानपुर।।चांदा क्षेत्र में गुरुवार को प्रशासन ने अवैध चिकित्सा केंद्रों के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए बड़ी कार्रवाई की। पीपी कमैचा इलाके के हनुमान नगर, कोइरीपुर में संचालित ‘आर्या क्लिनिक’ पर स्वास्थ्य विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम ने छापा मारकर उसे सील कर दिया।इस कार्रवाई का नेतृत्व उप मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. डी.पी. त्रिपाठी ने किया। उनके साथ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र प्रतापपुर कमैचा के अधीक्षक डॉ. आर.सी. यादव सहित स्वास्थ्य विभाग की टीम मौजूद रही। सुरक्षा व्यवस्था के लिए कोतवाली चांदा पुलिस भी मौके पर तैनात रही।जांच के दौरान क्लिनिक में कई गंभीर खामियां पाई गईं। अधिकारियों के अनुसार यह केंद्र बिना आवश्यक अनुमति और वैध दस्तावेजों के संचालित हो रहा था। आवश्यक कागजात प्रस्तुत न किए जाने पर टीम ने तत्काल क्लिनिक को बंद कर सील कर दिया।बताया जा रहा है कि इस क्लिनिक का संचालन राय साहब गौतम कर रहे थे। प्रशासन की इस अचानक कार्रवाई से इलाके में हलचल मच गई और स्थानीय लोगों के बीच चर्चा का विषय बन गया।स्वास्थ्य विभाग ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध रूप से चल रहे क्लिनिक और अस्पतालों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा। अधिकारियों ने चेतावनी दी कि लोगों के स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।