खेरागढ़ में न्यायमूर्ति जे.जे. मुनीर ने ग्राम न्यायालय का किया निरीक्षण, न्यायिक व्यवस्था को लेकर दिए संकेत

खेरागढ़ में न्यायमूर्ति जे.जे. मुनीर ने ग्राम न्यायालय का किया निरीक्षण, न्यायिक व्यवस्था को लेकर दिए संकेत

विष्णु सिकरवार
आगरा। न्यायिक व्यवस्थाओं को सुदृढ़ और सुलभ बनाने की दिशा में शुक्रवार को महत्वपूर्ण पहल देखने को मिली, न्यायमूर्ति जेजे मुनीर ने खेरागढ़ तहसील परिसर में अस्थायी रूप से संचालित ग्राम न्यायालय का निरीक्षण किया। दोपहर लगभग एक बजे पहुंचे न्यायाधीश ने करीब डेढ़ घंटे तक
न्यायालय की व्यवस्थाओं, अभिलेख संधारण, बुनियादी ढांचे और लंबित प्रकरणों की स्थिति का गहन अवलोकन किया।
निरीक्षण के दौरान उनके साथ जिला न्यायाधीश संजय मलिक, न्यायिक मजिस्ट्रेट मृत्युंजय श्रीवास्तव, ग्राम न्यायालय के न्यायाधीश अभय राजवंशी, एडीएम धीरेंद्र सिंह, एसडीएम ऋषि राव, तहसीलदार सतेंद्र कुमार, एसीपी सुकन्या शर्मा, प्रीता दुबे सहित अन्य प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी मौजूद रहे। निरीक्षण के बाद न्यायिक एवं प्रशासनिक अधिकारियों के साथ बैठक कर व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई। ग्राम न्यायालय के लिए स्थायी भवन निर्माण पर भी चर्चा हुई। बताया गया कि तहसील मुख्यालय से सटी निजी खातेदार की भूमि का सर्वे कराया जा रहा है। भूमि स्वामी की सहमति पर नियमानुसार अधिग्रहण की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी। स्थायी भवन बनने से न्यायिक कार्यवाही अधिक व्यवस्थित और प्रभावी होने की उम्मीद है। इस अवसर पर बार एसोसिएशन अध्यक्ष हरिओम सिंह सिकरवार ने अधिवक्ताओं के साथ न्यायमूर्ति का स्वागत कर प्रशस्ति चिन्ह भेंट किया। उन्होंने ग्राम न्यायालय का स्थायी निर्माण तहसील मुख्यालय पर ही कराने की मांग दोहराई और क्षेत्र की विशालता को देखते हुए मुंसिफ कोर्ट की स्थापना की मांग की है। खेरागढ़ क्षेत्रफल की दृष्टि से बड़ा तहसील क्षेत्र है, जहां ग्रामीणों को पूर्व में छोटी-छोटी न्यायिक प्रक्रियाओं के लिए दूरस्थ न्यायालयों के चक्कर लगाने पड़ते थे। ग्राम न्यायालय की स्थापना से स्थानीय स्तर पर त्वरित न्याय की सुविधा मिली है।

नमस्कार,नैमिष टुडे न्यूज़पेपर में आपका स्वागत है,यहाँ आपको हमेसा ताजा खबरों से रूबरू कराया जाएगा , खबर ओर विज्ञापन के लिए संपर्क करे 9415969423 ,हमारे यूट्यूब चैनल को सबस्क्राइब करें, साथ मे हमारे फेसबुक को लाइक जरूर करें